133 साल पुरानी ऐतिहासिक रामलीला का समापन: जय श्रीराम के जयकारों के साथ हुआ भगवान राम का राज्याभिषेक

 

सैयदराजा में 133 वर्षों से चली आ रही ऐतिहासिक रामलीला का रावण वध, भरत मिलाप और भव्य श्रीराम राज्याभिषेक के साथ भावपूर्ण समापन हुआ। पूरा माहौल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।

 
 

सैयदराजा में ऐतिहासिक रामलीला का भावपूर्ण समापन

रावण वध के बाद अयोध्या लौटे प्रभु श्रीराम

भावुक कर देने वाला चारों भाइयों का भरत मिलाप

मंत्रोच्चार के बीच हुआ श्रीराम का भव्य राज्याभिषेक

133 साल पुरानी रामलीला परंपरा का सफल आयोजन

चंदौली जिले के आदर्श नगर पंचायत सैयदराजा स्थित शिवानगर रामलीला मैदान में चल रही ऐतिहासिक रामलीला का शनिवार को बहुत ही भावपूर्ण माहौल में समापन हो गया। इस अंतिम दिन मंच पर रावण वध, भरत मिलाप और भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का मंचन किया गया। लीला के दौरान जैसे ही प्रभु राम ने रावण का वध कर माता सीता को मुक्त कराया, पूरा मैदान 'जय श्रीराम' के नारों से गूंज उठा। इसके बाद विभीषण को लंका का राज्य सौंपकर प्रभु राम पुष्पक विमान से अयोध्या के लिए रवाना हुए।

भरत मिलाप देख भावुक हुए दर्शक
प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन की खबर मिलते ही पूरे नगर को दुल्हन की तरह सजाया गया था। जैसे ही पुष्पक विमान से श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण अयोध्या पहुंचे, चारों भाइयों का आपस में मिलना देखकर वहां मौजूद दर्शक भाव-विभोर हो गए। इस दृश्य ने सभी का दिल जीत लिया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार और मंगला आरती के साथ भगवान राम को अयोध्या की राजगद्दी पर बैठाया गया। रामलीला समिति के सदस्यों और आम लोगों ने आरती कर भगवान का आशीर्वाद और प्रसाद लिया।

133 वर्षों के सफर पर जताया आभार
रामलीला समिति के अध्यक्ष रविंद्र जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह सोचकर ही गर्व महसूस होता है कि हमने रामलीला के 133 वर्ष सफलता से पूरे कर लिए हैं। इसके लिए उन्होंने सभी नगरवासियों, मीडियाकर्मियों और सहयोगियों का दिल से धन्यवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद सभी पदाधिकारियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान अध्यक्ष रविंद्र जायसवाल, महामंत्री कामाख्या प्रसाद और कोषाध्यक्ष पन्नालाल केसरी द्वारा दिया गया।

कलाकारों और सहयोगियों का हुआ सम्मान
लोहता (काशी) के 'जय श्री काशी विश्वनाथ रामलीला मंडल' के प्रस्तोता विनोद कुमार और व्यास गुर्दा महाराज को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने शास्त्रीय संगीत से पूरी रामलीला के दौरान दर्शकों को बांधे रखा। इस मौके पर जवाहर पांडेय उर्फ लोटन गुरु, सभासद संतोष जायसवाल, सुशील कुमार शर्मा, वीरेंद्र सिंह भोले, अंकित जायसवाल, मानवेंद्र जायसवाल, चंदन कुमार और सभासद प्रतिनिधि चंद्रशेखर प्रजापति समेत भारी संख्या में रामलीला प्रेमी उपस्थित रहे।