सैयदराजा व्यापार मंडल की बैठक: सड़कों पर जलभराव रोकने और पेड़ छांटने को लेकर डीएम से मिलेंगे व्यापारी नेता 

 

सैयदराजा व्यापार मंडल की मासिक बैठक में व्यापारियों की समस्याओं और नगर के विकास पर मंथन हुआ। पेड़ों की छंटाई, सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और ऑटो चालकों की मनमानी को लेकर प्रतिनिधिमंडल जल्द ही डीएम और नगर पंचायत अध्यक्ष से मिलेगा।

 
 

सैयदराजा व्यापार मंडल की मासिक बैठक

नगर की जनसमस्याओं पर हुआ मंथन

डीएम और नगर पंचायत अध्यक्ष से मुलाकात

नवरात्रि से पहले प्रकाश व जलभराव समाधान

व्यापारियों के उत्पीड़न के खिलाफ सख्त रुख

चंदौली जिले के सैयदराजा नगर स्थित जीटी रोड पर उपाध्यक्ष अमित कुमार के प्रतिष्ठान पर व्यापार मंडल की महत्वपूर्ण मासिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतनाम सिंह ने की। बैठक के दौरान नगर के विकास, व्यापारियों के व्यावसायिक हितों और आने वाले आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए आम जनता से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ठोस रणनीतियां बनाई गईं।

ब्रिज पर प्रकाश व्यवस्था की मांग
बैठक में पहला मुख्य मुद्दा लोकानपुर से लेकर जेठमलपुर तक नगर पंचायत द्वारा लगाए गए पेड़ों का उठा। ये पेड़ अब काफी बड़े हो गए हैं, जिससे दुकानों का सामने का हिस्सा ढक जाता है और व्यापार प्रभावित होता है। इसके समाधान के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष से मिलकर पेड़ों की हल्की छंटाई कराने का अनुरोध किया जाएगा।

इसके अलावा, आगामी पावन नवरात्रि पर्व से पहले गेट नंबर 72बी रेलवे ब्रिज पर सुचारू प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने की योजना बनी। वहीं, रेलवे ब्रिज के नीचे सड़कों पर होने वाले जलभराव की गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए भी नगर पंचायत अध्यक्ष से तुरंत कदम उठाने की मांग की जाएगी।

 खराब सड़कों पर डीएम से मिलने का फैसला
नगर में रोडवेज बसों के ठहराव की अनिश्चितता और जीटी रोड त्रिमुहानी पर ऑटो चालकों द्वारा दुकानों के ठीक सामने बेतरतीब वाहन खड़े करने पर गहरा असंतोष जताया गया। इस व्यवस्था को सुधारने और ऑटो को क्रमवार खड़ा कराने के लिए जिलाधिकारी को पत्रक सौंपने का फैसला हुआ। साथ ही दुधारी छलका के पास व्यापारियों और आम राहगीरों के लिए मुसीबत बनी जर्जर सड़कों की अविलंब मरम्मत कराने हेतु भी जिलाधिकारी से मिलने और मांग पत्र भेजने पर सर्वसम्मति बनी।

उत्पीड़न के खिलाफ सख्त रुख 
माप-तौल विभाग और खाद्य सुरक्षा के अधिकारियों द्वारा जांच के नाम पर व्यापारियों का किसी भी तरह का उत्पीड़न न हो, इस पर कड़ा रुख अपनाया गया। व्यापारियों ने संकल्प लिया कि किसी भी अनचाही कार्रवाई पर समस्याओं को सीधे उच्चाधिकारियों के सामने रखा जाएगा।
कानून व्यवस्था और सुरक्षा मजबूत करने के लिए व्यापार मंडल की मासिक बैठक स्थानीय थाने पर कराने का विचार किया गया। इसके अलावा, आपसी तालमेल बढ़ाने के लिए पदाधिकारी हर सप्ताह बाजार में घूमकर व्यापारियों से बातचीत करेंगे। 

अध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि व्यापार मंडल हर परिस्थिति में व्यापारियों के सम्मान और नगर की समस्याओं के निस्तारण के लिए संघर्षरत रहेगा। बैठक में व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला टीम और युवा सदस्य मौजूद रहे।