फेसुड़ा गांव में 19 वर्षीय सोनाली की मौत: शादी के 6 माह बाद ही बुझ गया चिराग, पति-ससुर और देवर पर दहेज हत्या का केस दर्ज
चंदौली के सैयदराजा अंतर्गत फेसुड़ा गांव में शादी के महज 6 महीने बाद 19 वर्षीय सोनाली की जलकर मौत हो गई। परिजनों के आरोप पर पुलिस ने पति, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फेसुड़ा गांव में नवविवाहिता की मौत
19 वर्षीय सोनाली की जलकर मौत
6 माह पूर्व हुई थी शादी
1 लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप
पति, ससुर और देवर पर केस
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित फेसुड़ा गांव से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शादी के महज छह महीने बाद ही 19 वर्षीय नवविवाहिता सोनाली की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतका के पिता रामसुंदर की तहरीर पर सैयदराजा थाना पुलिस ने पति, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
दहेज में एक लाख रुपये के लिए प्रताड़ना का आरोप
तहरीर के अनुसार, कैमूर निवासी रामसुंदर ने अपनी बेटी सोनाली (19) की शादी करीब छह महीने पहले 26 फरवरी 2026 को फेसुड़ा गांव निवासी विकास प्रजापति के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति विकास, ससुर राजेंद्र प्रजापति और देवर एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर सोनाली के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।
विवाद के बाद उठाई खौफनाक खौफनाक कदम
परिजनों के मुताबिक, 28 अगस्त की शाम करीब 3 बजे दहेज की बात को लेकर घर में फिर से कहासुनी और मारपीट हुई। इस प्रताड़ना से तंग आकर सोनाली ने कथित तौर पर अपने ऊपर केरोसिन तेल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी स्थिति में उसे पहले जिला अस्पताल चंदौली ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बाद में वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजनों ने सैयदराजा थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक मिश्रा ने बताया कि जलकर हुई विवाहिता की मौत के मामले में परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पति विकास, उसके पिता और भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं में दहेज हत्या का केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।