Seed Shop Raid: किसान भाई प्रमाणित बीज ही खरीदें, बीज दुकानों पर छापेमारी, 42 दुकानों का निरीक्षण, 20 सैंपल लिए, 5 को नोटिस जारी 

 

चंदौली में कृषि विभाग की टीम ने 42 बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया, सरसों चना मटर गेहूं के 20 सैंपल लिए, 5 बंद दुकानों को कारण बताओ नोटिस, किसानों से प्रमाणित बीज खरीदने की अपील।

 
 

बीज दुकानों पर औचक छापेमारी

42 दुकानों का हुआ निरीक्षण

20 बीज नमूने लिए गए

5 बंद दुकानों को नोटिस

प्रमाणित बीज ही खरीदें किसान

कृषि विभाग एवं अन्य विभाग के जनपद स्तरीय अधिकारियों की टीम बनाकर रैण्डम आधार पर उप कृषि निदेशक अधिकारी, चन्दौली सदर, मुगलसराय 
 नगर, जिला कृषि अधिकारी, चन्दौली द्वारा सकलडीहा तथा वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए चकिया और नौगढ़ में बीज बिक्री केन्द्रों के बीज के कुल 42 दुकानों का निरीक्षण करते हुए सरसों, चना, मटर और गेहूँ के 20 नमूने लिए गये है तथा 05 बीज और उर्वरक प्रतिष्ठान बन्द पाये जाने पर उनको कारण बताओ नोटिस निर्गत किये गये।

रबी सीजन शुरू होने वाला है। किसानों को गुणवत्ता युक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी के तहत सोमवार को पूरे जिले में औचक छापेमारी की गई।

42 दुकानों का निरीक्षण, 20 नमूने लिए

जिला कृषि अधिकारी और उप कृषि निदेशक की टीम ने सकलडीहा, चकिया, नौगढ़, सदर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में बीज की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। कुल 42 दुकानों को चेक किया गया। इस दौरान सरसों, चना, मटर और गेहूं के 20 नमूने लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। परीक्षण के बाद अगर कोई बीज अधोमानक पाया गया तो बीज नियंत्रण आदेश 1983 एवं बीज अधिनियम एक्ट 1966 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

5 दुकानें बंद मिलीं, नोटिस जारी

निरीक्षण के दौरान 5 बीज और उर्वरक प्रतिष्ठान बंद पाए गए। इनमें मेसर्स ईश्वर बीज भंडार जनौली, मेसर्स उमरावती एग्री जंक्शन खाद बीज भण्डार कमालपुर, मेसर्स पण्डित खाद एवं बीज भंडार कमालपुर, मेसर्स खुशबू बीज भंडार धानापुर एवं मे० आदर्श कृषि विकास धानापुर शामिल हैं। इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

किसान प्रमाणित बीज ही खरीदें - जिला कृषि अधिकारी

जिला कृषि अधिकारी द्वारा किसान भाईयों से अनुरोध किया गया कि रबी फसलों की बुआई के लिए यथा गेहूँ, चना, मटर, सरसों इत्यादि केवल प्रमाणित बीज ही क्रय करें। प्रमाणित बीज से ही अच्छी पैदावार मिलेगी। नकली या बिना प्रमाणित बीज से बचें।

इसके अलावा सभी बीज विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वो अपने स्टाक रजिस्टर एवं बिक्री रजिस्टर को अपडेट रखें एवं किसान भाईयों को बीज के साथ कैश मेमो भी उपलब्ध कराये। बिना कैश मेमो के बीज न बेचें।

उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता

विभाग ने बताया कि रबी फसलों की बुआई के लिए जनपद में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है। निजी/सहकारिता उर्वरक बिक्री केन्द्रों पर यूरिया 17031 मैट्रिक टन, डीएपी 8461 मैट्रिक टन तथा एनपीके 3337 मैट्रिक टन उपलब्ध है। सभी किसान भाईयों से अनुरोध है कि किसान फार्मर रजिस्ट्री तथा प्रमाणित खतौनी के साथ ही बोयी जाने वाली फसल में संस्तुत मात्रा के अनुसार ही उर्वरक का क्रय करें। जरूरत से ज्यादा उर्वरक न खरीदें।