सेमुसी एग्रो की वार्षिक बैठक में किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी

डॉ. योगेंद्र यादव ने किसानों को उन्नत बीजों के फायदे और उनकी उपलब्धता के बारे में बताया।
 

फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी की वार्षिक मीटिंग

कृषि और बैंकिंग क्षेत्र के विशेषज्ञों ने दी जानकारी

सरकारी योजनाओं और खेती में नए तरीकों के बारे में चर्चा

चंदौली जिले में सेमुसी एग्रो फॉर्मर प्रोड्यूसर कंपनी की वार्षिक आम बैठक आज ग्राम बजहां के अमृत सरोवर पर आयोजित की गई। इस बैठक में कंपनी के 250 शेयरधारक शामिल हुए, जिन्हें कृषि और बैंकिंग क्षेत्र के विशेषज्ञों ने सरकारी योजनाओं और खेती में नए तरीकों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने दिए किसानों को सुझाव
बैठक में लीड बैंक मैनेजर सुनील कुमार, डीडीएम नाबार्ड विजेंद्र कुमार, एरिया मैनेजर राष्ट्रीय बीज निगम डॉ. योगेंद्र यादव, कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. ए.के. सिंह, और जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र देव दुबे जैसे अधिकारी उपस्थित थे।

डॉ. योगेंद्र यादव ने किसानों को उन्नत बीजों के फायदे और उनकी उपलब्धता के बारे में बताया। साथ ही जिला उद्यान अधिकारी ने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। वहीं मौके पर मौजूद डीडीएम नाबार्ड ने किसान संगठन से जुड़ने की शक्ति पर जोर दिया, जिससे किसानों को सामूहिक लाभ मिल सके।

लीड बैंक मैनेजर ने बैंकों से मिलने वाले लाभों और प्रधानमंत्री जीवन बीमा पर प्रकाश डाला तो डॉ. ए.के. सिंह ने किसानों को खेती में नए प्रयोगों (नवाचार) के लिए प्रेरित किया और हर संभव मदद का भरोसा दिया।

कंपनी के कार्यों की सराहना
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार तारकेश्वर सिंह ने किया। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने सेमुसी एग्रो कंपनी के काम की सराहना की, खासकर छोटे और महिला किसानों को कंपनी से जोड़ने के प्रयासों की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में, सेमुसी एग्रो के निदेशक शेषमणि सिंह, सीईओ अखिलेश सिंह, और अकाउंटेंट गौरव चौबे ने सभी अतिथियों और शेयरधारकों का धन्यवाद किया।