सावधान! श्रावण के चौथे सोमवार पर चंदौली में ट्रैफिक डायवर्जन लागू: 22 से 25 अगस्त तक बदलेंगे ये रास्ते
श्रावण मास के चौथे सोमवार के अवसर पर चंदौली जिले में भारी और हल्के वाहनों के लिए ट्रैफिक रूट डायवर्जन लागू किया गया है। 22 अगस्त की रात से 25 अगस्त की सुबह तक कई प्रमुख रास्तों पर बदलाव रहेगा।
सावन के चौथे सोमवार पर ट्रैफिक डायवर्जन
22 अगस्त से 25 अगस्त तक बदला रूट
एनएच-19 और अखरी बाईपास का करें इस्तेमाल
कांवड़ियों के लिए बनाए गए विशेष रास्ते
पड़ाव और मुगलसराय रूट पर भारी वाहन बैन
श्रावण मास के चौथे सोमवार को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए चंदौली पुलिस व प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन 22 अगस्त 2026 (शनिवार) की रात 8:00 बजे से लागू होकर 25 अगस्त 2026 (मंगलवार) की सुबह 6:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान बनारस की तरफ जाने वाले भारी और मालवाहक वाहनों के रास्ते बदले रहेंगे।
चंदौली और बबुरी से वाराणसी जाने वाले वाहनों का रूट
आलमपुर अंडरपास, आलमपुर तिराहा, चकिया तिराहा और मुगलसराय कस्बे से होकर वाराणसी जाने वाले भारी वाहनों को आलमपुर अंडरपास से ही डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन दाहिने एनएच-19 (NH-19) से होते हुए अखरी बाईपास के रास्ते वाराणसी जाएंगे। वहीं, बिहार, चंदौली और बबुरी की तरफ से आने वाले सभी वाहन गोधना चौराहे से डायवर्ट होकर एनएच-19 के रास्ते अखरी बाईपास से आगे बढ़ेंगे।
चकिया तिराहा और पड़ाव क्षेत्र में ऐसा रहेगा डायवर्जन
अलीनगर और चंदौली की तरफ से आकर चकिया तिराहा, मुगलसराय व पड़ाव होकर वाराणसी जाने वाले वाहनों को गंजी प्रसाद चौराहा (चकिया तिराहा) से गोधना चौराहे की तरफ भेजा जाएगा। मुगलसराय से पड़ाव होकर वाराणसी की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को रामनगर की तरफ मोड़कर एनएच-19 के रास्ते अखरी बाईपास भेजा जाएगा। इसके अलावा कटरिया तिराहे से रामनगर-पड़ाव की ओर भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी।
बाहरी जिलों को जाने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जाने वाली कार, छोटे वाहनों और मालवाहक वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा। ये सभी वाहन रिंग रोड पकड़कर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं रामनगर से पड़ाव आने वाले जो वाहन मुगलसराय जाना चाहते हैं, उन्हें साहूपुरी तिराहे से एफसीआई तिराहे की तरफ भेजा जाएगा।
स्थानीय तिराहों और पड़ाव क्षेत्र में पाबंदी
हाइवे से लंका मैदान तिराहा (रामनगर) होते हुए पड़ाव आने वाले ट्रकों को लंका मैदान पर ही रोक दिया जाएगा। कटरिया व रामनगर की तरफ से आने वाले वाहनों को पीएससी तिराहे से कटरिया, एनएच-19 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। मुगलसराय से पड़ाव होकर रामनगर या वाराणसी जाने वाले वाहनों को एफसीआई गोदाम से साहूपुरी रोड पर भेजा जाएगा। कोयला मंडी से पड़ाव की तरफ भारी ट्रकों का जाना सख्त मना रहेगा।
नवही नहर पुलिया निर्माण के चलते कांवड़ियों के लिए खास प्लान
नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए अलग व्यवस्था बनाई गई है। धरौली और चकिया की तरफ से बाइक व हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालु नवही चौराहे से 200 मीटर उत्तर छोटी पुलिया से कस्बा चंदौली आकर एनएच-19 पर निकलेंगे। वहीं चकिया की ओर से आने वाले भारी वाहन, चार पहिया वाहन और कांवड़िया नवही चौराहे से भगवानपुर तालाब होते हुए एनएच-19 से अपने गंतव्य को जा सकेंगे।