Chandauli Lok Adalat: बिजली, बैंक रिकवरी से लेकर वाहन चालान तक के विवाद सुलझेंगे, 12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत
21 नवंबर को चेक बाउंस मामलों की लोक अदालत
28 नवंबर को वाहन चालान के मामले निपटाए जाएंगे
12 दिसंबर को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
सुलह-समझौते के आधार पर होगा विवादों का निस्तारण
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने दी जानकारी
अदालतों में लंबे समय से लंबित मुकदमों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित निस्तारण कराने के लिए चंदौली में लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में नवंबर और दिसंबर महीने में तीन महत्वपूर्ण तिथियां तय की गई हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए आम लोगों से इन लोक अदालतों का लाभ उठाने की अपील की है।
21 नवंबर को चेक बाउंस और 28 को वाहन चालान की विशेष लोक अदालत
सचिव निकिता गौड़ ने बताया कि सबसे पहले 21 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस दिन केवल एन.आई. एक्ट, 1881 की धारा-138 यानी चेक बाउंस से जुड़े लंबित प्रकरणों की सुनवाई कर उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 28 नवंबर 2026 को दूसरी विशेष लोक अदालत लगेगी, जिसमें सिर्फ वाहन चालान से संबंधित लंबित मामलों का निपटारा किया जाएगा। ऐसे में जिन वाहन चालकों के चालान लंबित हैं, वे इस दिन अपने मामले आसानी से सुलझा सकते हैं।
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलझेंगे हर तरह के विवाद
इसी क्रम में 12 दिसंबर 2026 को जिले में वृहद स्तर पर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्री-लिटिगेशन वाद, सिविल वाद, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर वाद, भरण-पोषण संबंधी मामले, चेक बाउंस और मोटर यान अधिनियम से जुड़े वादों का निस्तारण होगा। इसके अलावा शमनीय दांडिक वाद, राजस्व और चकबंदी वाद, बैंक रिकवरी, श्रम, बीमा, बिजली व टेलीफोन बिल विवाद, जलकर तथा नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपीलों का भी आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।