राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई का नए भवन में शुभारंभ, विधायक रमेश जायसवाल ने सामाजिक कार्यों पर जोर
​​​​​​​

माननीय विधायक जी ने इस दौरान सामाजिक कार्यों पर जोर दिया और कहा कि सामाजिक पक्ष का एक पहलू यह भी है कि जहां नैतिक जिम्मेदारियों के साथ कार्य करना आवश्यक है।
 

जिले में  मिशन शक्ति के तहत कन्या पूजन कार्यक्रम

विधायक रमेश जायसवाल ने किया दत्तक ग्रहण इकाई का औपचारिक उद्घाटन

बिछियां कला में चलेगा राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण यूनिट

चंदौली जिले में 'मिशन शक्ति 5.0' अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई में आयोजित हुआ, जिसमें संस्था और स्थानीय क्षेत्र की 25 कन्याओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चियों को माला पहनाकर, भोजन कराकर और उपहार सामग्री वितरित कर उनका पूजन किया गया।

इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुआ। राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण इकाई, जो पहले मुगलसराय के पूर्व चन्दासी में एक किराए के भवन में संचालित हो रही थी, उसे अब बिछियां कला, चन्दौली में औपचारिक रूप से शुरू किया गया। इस नए केंद्र का औपचारिक शुभारम्भ मुख्य अतिथि माननीय विधायक रमेश जायसवाल जी द्वारा किया गया।

विधायक ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
उद्घाटन के बाद, विधायक रमेश जायसवाल ने संस्था के सभी कार्मिकों और बच्चों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। उन्होंने दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया और केयरिंग्स पोर्टल की जानकारी के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। विधायक जी ने संस्था के अधीक्षक श्री अरविन्द कुमार को आश्वस्त किया कि यदि संस्था को बच्चों के हित में या किसी सामाजिक कार्य में कोई भी समस्या आती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। विधायक ने यह सुनिश्चित किया कि उनके स्तर से हर संभव प्रयास किया जाएगा।

माननीय विधायक जी ने इस दौरान सामाजिक कार्यों पर जोर दिया और कहा कि सामाजिक पक्ष का एक पहलू यह भी है कि जहां नैतिक जिम्मेदारियों के साथ कार्य करना आवश्यक है। कार्यक्रम में विधायक जी के साथ अन्य जनप्रतिनिधि, जिला प्रोबेशन अधिकारी, महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी, संस्था के अधीक्षक और पुलिस विभाग के कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही, विभागीय कार्मिकों द्वारा विभिन्न प्रकार की सरकारी योजनाओं सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर्स के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। यह कार्यक्रम सामाजिक कल्याण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हुआ।