बरठी कमरौर रेलवे फाटक पर ससुराल जा रहे युवक की मौत, तीन मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
बरठी कमरौर रेलवे फाटक पर दर्दनाक हादसा
साइकिल सवार युवक ट्रेन की चपेट में आया
मृतक राजकुमार के थे तीन छोटे बच्चे
सैदराजा पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फेसुड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई
चंदौली जिले के सैदराजा थाना क्षेत्र से एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई है। यहाँ सोमवार की शाम बरठी कमरौर रेलवे फाटक पर एक ट्रेन हादसे में 30 साल के युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान फेसुदा गांव के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है, जो अपने निजी काम से घर से बाहर निकला था।
ससुराल जाते समय रास्ते में हुई दुर्घटना
जानकारी के मुताबिक, राजकुमार का ससुराल बरठी कमरौर में ही स्थित है। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपनी साइकिल से किसी जरूरी काम के लिए ससुराल की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह बरठी कमरौर रेलवे फाटक पार करने लगे, अचानक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। तुरंत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सैदराजा थाना पुलिस को खबर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। राजकुमार अपने पीछे अपनी पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं, जिनमें एक बेटी और दो बेटे शामिल हैं। जैसे ही मौत की खबर फेसुदा गांव और उनके ससुराल पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग इस घटना से बेहद दुखी हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।