चंदौली में टायर फटने पर हाईवे पर रुके ट्रक ड्राइवर को असलहा सटाकर 10 हजार लूटे, बट से मारकर किया लहूलुहान

 

चंदौली जिला मुख्यालय के पास टायर फटने के कारण खड़े ट्रक के चालक को असलहाधारियों ने अपना निशाना बनाया। बदमाशों ने ड्राइवर को असलहा सटाकर 10 हजार रुपये लूट लिए और विरोध करने पर सिर पर प्रहार कर घायल कर दिया।

 
 

जिला मुख्यालय के पास हुई दुस्साहसिक लूट

असलहा सटाकर ड्राइवर से छीने 10 हजार

पैसा न देने पर बट से मारकर किया घायल

पीड़ित चालक ने 112 नंबर पर दी सूचना

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

चंदौली जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने जिला मुख्यालय के ठीक पास ही लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला ट्रक चालक रामप्रवेश कुदरा से पाइप लादकर गोपीगंज के लिए जा रहा था। रविवार की आधी रात को जब उसका ट्रक चंदौली जिला मुख्यालय पर स्थित स्वामी परमहंस हॉस्पिटल के समीप पहुंचा, तभी अचानक गाड़ी का टायर फट गया। चालक ने ट्रक को हाईवे के किनारे खड़ा कर दिया, तभी अचानक असलहाधारी अपराधियों के एक गैंग ने वहां धावा बोल दिया।

पैसा न देने पर असलहे के बट से किया प्रहार
ट्रक के पास पहुंचते ही लुटेरों ने चालक रामप्रवेश को गनपॉइंट पर ले लिया और उसकी कनपटी पर असलहा सटा दिया। बदमाशों ने डरा-धमकाकर उससे पहले 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद जब बदमाशों ने और पैसों की मांग की, तो ड्राइवर ने पैसे होने से इनकार कर दिया। इस बात पर भड़के अपराधियों ने क्रूरता दिखाते हुए असलहे (मुठिया) के बट से ड्राइवर के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। सिर फटने से चालक वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा और बदमाश मौके से फरार हो गए।

मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश में जुटी पुलिस
लहूलुहान हालत में पीड़ित चालक ने किसी तरह फोन उठाकर 112 नंबर डायल किया और पुलिस को अपनी आपबीती बताई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल ले जाकर उसका उपचार कराया। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित चालक की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुटेरों के इस गैंग को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।