चंदौली में मिशन शक्ति अभियान के तहत दो मनचले गिरफ्तार
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत सख्त कार्रवाई
ऑपरेशन मजनू के जरिए मनचलों पर शिकंजा
बलुआ पुलिस ने 26 वर्षीय रवि कुमार को दबोचा
सकलडीहा में पुलिया के पास पकड़ा गया कमलेश
चंदौली जिले के महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चंदौली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार को थाना बलुआ और थाना सकलडीहा पुलिस टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाले दो मनचलों को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और ऑपरेशन मजनू के तहत की गई। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा समाज में मनचलों और शोहदों के खिलाफ कड़ा संदेश देना है।
बलुआ पुलिस की त्वरित कार्रवाई
27 सितंबर को थानाध्यक्ष बलुआ अतुल कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज रामगढ़ के पास एक युवक राह चलती महिलाओं और छात्राओं पर अश्लील गाने गाकर टिप्पणी कर रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी रवि कुमार (26 वर्ष), पुत्र विजय, निवासी ग्राम रामगढ़ थाना बलुआ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मुक़दमा अपराध संख्या -241/2025 धारा 296 BNS में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सकलडीहा पुलिस ने पकड़ा दूसरा आरोपी
उसी दिन थाना सकलडीहा प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। गश्त के दौरान ग्राम बरठी पुलिया के पास खड़ा एक युवक महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करते हुए गाने गा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश (30 वर्ष), पुत्र रामकीर्ति, निवासी ग्राम बरठी थाना सकलडीहा को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ मुक़दमा अपराध संख्या -189/2025 धारा 296 BNS में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की सख्ती
इन गिरफ्तारियों से क्षेत्र में महिलाओं और अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की यह कार्रवाई मनचलों पर नकेल कसने का कार्य करेगी। वहीं, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होगा।
जीरो टॉलरेंस नीति
चंदौली पुलिस का यह सख्त रुख समाज के लिए एक बड़ा संदेश है। महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों से मनचलों में भय पैदा होगा और महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी।