नहर में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, पुलिस पहचान में जुटी
नहर में अज्ञात युवक का शव मिला
जसूरी गांव के पास इलाके में सनसनी
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी
प्राथमिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जांच में पुलिस जुटी
चंदौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जसूरी गांव के समीप स्थित नहर में उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता देखा। शव दिखाई देने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी, जिस पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब मृतक की पहचान करने में जुटी है।
बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास है। मृतक ने पैंट और शर्ट पहन रखी थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह कोई सामान्य व्यक्ति रहा होगा, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या मोबाइल नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत नहर में डूबने से हुई होगी। तेज बहाव के कारण शव काफी दूर तक बहकर जसूरी गांव के पास तक पहुंच गया। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच कर रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि मृतक किस क्षेत्र का रहने वाला था।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है। मामले में कोई आपराधिक साजिश तो नहीं, इस दिशा में भी पड़ताल की जा रही है। क्षेत्रीय लोगों में इस घटना को लेकर भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में सदर थाना अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि नहर में तैरते हुए एक युवक का शव मिला है,जिसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया गया है।आशंका जताई जा रही है कि नहर में डूबने से मौत हुई है और पानी की तेज बहाव के कारण शव यहां तक बहकर चली आई है।शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।