UP पुलिस भर्ती परीक्षा आज से शुरू: चंदौली में बने 11 केंद्र, हर पाली में 2400 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर चंदौली में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 8, 9 और 10 जून को होने वाली इस परीक्षा के लिए 11 केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ कड़े सुरक्षा घेरे में अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे।
तीन दिनों तक चलेगी पुलिस भर्ती परीक्षा
चंदौली जनपद में बने ग्यारह परीक्षा केंद्र
हर पाली में बैठेंगे चौबीस सौ अभ्यर्थी
चार सौ दस पुलिसकर्मियों की लगी ड्यूटी
दौ सौ सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होने वाली पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। इस परीक्षा के सफल संचालन के लिए पूरे जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहेंगे।
3 दिनों तक चलेगी परीक्षा, एएसपी और एडीएम बने नोडल अधिकारी
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, यह महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षा 8, 9 और 10 जून को आयोजित की जाएगी। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। यहाँ हर एक पाली में लगभग 2400 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन और पल-पल की निगरानी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) आनंद चंद्रशेखर तथा अपर जिलाधिकारी (ADM) को नोडल अधिकारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
200 सीसीटीवी और 410 पुलिसकर्मियों के पहरे में होगी परीक्षा
परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, नकल या अव्यवस्था को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर हरकत पर तीसरी आंख की नजर रहेगी। इसके अलावा, सुरक्षा घेरे को मजबूत करने के लिए करीब 410 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस बल के साथ-साथ बड़ी संख्या में शिक्षकों और अन्य सरकारी कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी।
प्रशासन का दावा- निष्पक्ष और पारदर्शी होगी परीक्षा
अपर पुलिस अधीक्षक आनंद चंद्रशेखर ने बताया कि 8, 9 और 10 जून को होने वाली इस पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। सभी परीक्षा केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा चुका है। उन्होंने साफ कहा कि प्रशासन का एकमात्र लक्ष्य परीक्षा को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना है, जिसके लिए सुरक्षा और जांच के सभी कड़े मापदंड अपनाए जा रहे हैं।