चंदौली में बारिश के चलते प्रशासन का बड़ा फैसला: आज बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल, शिक्षक निपटाएंगे ऑनलाइन कार्य
चंदौली भारी बारिश स्कूल अवकाश आदेश
कक्षा 1 से 8 तक शिक्षण स्थगित
बीएसए सचिन कुमार का संशोधित आदेश
सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू
शिक्षकों को ऑनलाइन कार्य करने के निर्देश
चंदौली जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज और अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी की अनुमति के बाद 25 अगस्त को जिले में कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य पूरी तरह स्थगित रखने का आदेश जारी किया गया है।
सभी बोर्ड के स्कूलों पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा आदेश जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार द्वारा जारी संशोधित कार्यालय आदेश के अनुसार, यह निर्देश जनपद के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य सभी बोर्डों के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहकर करेंगे आवश्यक कार्य आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों में केवल बच्चों के लिए शिक्षण कार्य बंद रहेगा। इस दौरान सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में समय से उपस्थित रहेंगे तथा ऑनलाइन माध्यम या अन्य आवश्यक विभागीय व गैर-शैक्षणिक कार्यों का निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।
छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया निर्णय मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा की चेतावनी और लगातार हो रही बारिश से बच्चों को स्कूल आने-जाने में होने वाली असुविधा व जलभराव की स्थिति को देखते हुए यह फैसला जनहित में लिया गया है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों और बच्चों को मिली बड़ी राहत लगातार हो रही बारिश के बीच स्कूल बंद होने के आदेश से छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और संबंधित अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।