डेढ़ावल चौकी इंचार्ज नहीं कर रहे हैं ठगों पर कार्रवाई, पूछने पर डांट कर भगा देते हैं दरोगा जी 
​​​​​​​

सकलडीहा थाना क्षेत्र के देवरापर गांव के निवासी मनीष कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उनके समेत कुल चार लोगों से ठगों ने नौकरी के नाम पर लगभग 50 लाख रुपये लिए हैं।
 

नौकरी के नाम पर ठगी के शिकार पीड़ितों की फरियाद

पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

चौकी प्रभारी नहीं देते हैं किसी सवाल का जवाब

चंदौली जिले में नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी का शिकार हुए पीड़ितों ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे से मिलकर डेढ़ावल चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि इस मामले में सकलडीहा थाने में मुकदमा भी दर्ज है।

सकलडीहा थाना क्षेत्र के देवरापर गांव के निवासी मनीष कुमार यादव ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि उनके समेत कुल चार लोगों से ठगों ने नौकरी के नाम पर लगभग 50 लाख रुपये लिए हैं। इस मामले की पुलिस जांच में कुल 8 लोग शामिल पाए गए थे। जिनमें से दो आरोपी जेल में हैं और दो ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली है। बाकी चार आरोपी अभी भी फरार हैं।

मनीष ने बताया कि इस मामले की विवेचना पहले के चौकी इंचार्ज कर रहे थे। उनके स्थानांतरण के बाद नए चौकी इंचार्ज मनोज सिंह से जब भी वे केस की प्रगति के बारे में पूछते हैं, तो वे उन्हें डांटकर भगा देते हैं। चौकी इंचार्ज का कहना है कि उनके पास इस मामले से संबंधित कोई सबूत या जानकारी नहीं है।

इस व्यवहार से हताश होकर, मनीष यादव, विकास यादव, अभय यादव, रामपर, प्रमोद सिंह, और विजय कुमार गुप्ता के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस अधीक्षक इस मामले में उचित कार्रवाई करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने में मदद करेंगे। इस घटना से यह साफ है कि पीड़ितों को न्याय पाने के लिए अभी भी लंबा संघर्ष करना पड़ रहा है।