वक्फ संपत्तियों का विवरण 5 जून तक उम्मीद पोर्टल पर होगा अपलोड, रद्द हुई संपत्तियों को भी सुधारने का मौका

​​​​​​​

चंदौली सहित पूरे प्रदेश में वक्फ संपत्तियों का विवरण 5 जून तक उम्मीद पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं। रद्द श्रेणी की संपत्तियों का विवरण भी सही कर दोबारा अपलोड किया जा सकेगा, जिसकी मॉनिटरिंग खुद अल्पसंख्यक कल्याण विभाग कर रहा है।

 
 

5 जून तक विवरण दर्ज करना अनिवार्य

50 एकड़ से अधिक भूमि पर विशेष ध्यान

उम्मीद पोर्टल पर तथ्य होंगे अपडेट

रद्द संपत्तियों को सुधारने का मिला विकल्प

ज़िलावार शिविर आयोजित करने के निर्देश

 चंदौली जिले सहित पूरे प्रदेश में वक्फ संपत्तियों के पारदर्शी प्रबंधन को लेकर प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। वक्फ संपत्तियों का पूरा विवरण 'उम्मीद' पोर्टल पर आगामी पांच जून तक अपलोड किया जाएगा। इस प्रक्रिया की सबसे खास बात यह है कि जो संपत्तियां तकनीकी या गलत जानकारी के कारण 'रद्द' श्रेणी में आ गई हैं, उनके विवरण को भी सही करके उक्त निर्धारित तिथि तक उम्मीद पोर्टल पर दोबारा अपलोड करने का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। 

अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री ने इस संबंध में अभियान चलाकर सभी पंजीकृत संपत्तियों का ब्यौरा दर्ज कराने का कड़ा आदेश जारी किया है। भारत सरकार के निर्देशानुसार पोर्टल पर अपलोड की गई जानकारियों को दुरुस्त करने तथा 50 एकड़ से अधिक भूमि क्षेत्र से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए दस्तावेजों के संकलन के लिए जिलावार शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा बैठक में तय की गई समय सीमा
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेश कुमार खैरवार ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में वक्फ संशोधित अधिनियम 2025 की धारा 3 ख के तहत उम्मीद केंद्रीय पोर्टल पर बोर्ड में पंजीकृत वक्फ संपत्तियों का विवरण समयबद्ध तरीके से अपलोड किया जाना है। इस संबंध में बीते 23 मई को अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री ओमप्रकाश राजभर और अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी की उपस्थिति में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई थी। इस बैठक में उम्मीद पोर्टल पर समय से पंजीकृत वक्फ संपत्तियों का विवरण अपलोड करने एवं रद्द वक्फ संपत्तियों का विवरण सही कर पुनः अपलोड कराने का सख्त निर्देश प्राप्त हुआ है। इसी के अनुपालन में विशेष अभियान चलाकर 5 जून तक सभी विवरणों को अपडेट कराया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड की स्थिति और आंकड़े
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि उम्मीद पोर्टल पर अब तक उत्तर प्रदेश सुन्नी वक्फ बोर्ड की कुल 1,32,679 वक्फ संपत्तियों के विवरण अपलोड किए जाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है। इसके सापेक्ष वर्तमान तक 1,19,597 वक्फ संपत्तियों का विवरण सफलतापूर्वक अपलोड किया जा चुका है। 

पोर्टल पर अब तक अपलोड की गयी इन वक्फ संपत्तियों के सत्यापन एवं अनुमोदन का कार्य बोर्ड के चेकर एवं एप्रूवर स्तर पर किया जा रहा है। सुन्नी वक्फ बोर्ड के कुल आंकड़ों में से अब तक 56,281 वक्फ संपत्तियां अनुमोदित (Approved) की जा चुकी हैं, जबकि 31,308 वक्फ संपत्तियां गलत जानकारी अपलोड किए जाने के कारण रद्द हो चुकी हैं। इसके अलावा 11,335 वक्फ संपत्तियां एप्रूवर स्तर पर और 20,743 वक्फ संपत्तियां चेकर स्तर पर लंबित पड़ी हैं।

उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड की प्रगति
इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के अंतर्गत आने वाली संपत्तियों के डिजिटलाइजेशन की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है। शिया वक्फ बोर्ड की कुल 7,745 वक्फ संपत्तियों के विवरण को उम्मीद पोर्टल पर अपलोड किए जाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई थी। इसके सापेक्ष अब तक कुल 7,594 वक्फ संपत्तियों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। 

पोर्टल पर अब तक अपलोड की गयी शिया वक्फ बोर्ड की इन कुल 7,594 संपत्तियों में से 3,718 वक्फ संपत्तियां पूरी तरह अनुमोदित की जा चुकी हैं, जबकि त्रुटियों के कारण 2,496 वक्फ संपत्तियां रद्द श्रेणी में हैं। इसके अतिरिक्त 151 वक्फ संपत्तियां एप्रूवर स्तर पर और 431 वक्फ संपत्तियां चेकर स्तर पर लंबित हैं, जिन पर आगे की सत्यापन प्रक्रिया जारी है।