10 शराब तस्कर ट्रेन से शराब लेकर जाना चाह रहे थे बिहार, अलीनगर पुलिस ने RPF के साथ मिलकर पकड़ा

बरामदगी में 164 पैकेट 8PM व्हिस्की, 36 आफ्टर डार्क, 96 ऑफिसर च्वाइस, 40 ब्लू लाइम देशी शराब, 20 हाई इम्पैक्ट व्हिस्की और 28 किंगफिशर बियर शामिल हैं।
 

अलीनगर पुलिस व आरपीएफ की संयुक्त बड़ी कार्रवाई

78.88 लीटर अवैध शराब बरामद

8 पुरुष व 2 महिला तस्कर गिरफ्तार

बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे शराब

चंदौली जिले से बिहार में खपाने के लिए लाई जा रही अवैध शराब पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना अलीनगर पुलिस टीम और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 26 अगस्त को लोको कालोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास से 10 शराब तस्करों (08 पुरुष व 02 महिला) को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 78.88 लीटर अंग्रेजी व देशी अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।

आपको बता दें कि एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी सदर (IPS) अनंत चंद्रशेखर और सीओ पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर अनिल कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस और आरपीएफ टीम ने यह कार्रवाई की।

बरामदगी में 164 पैकेट 8PM व्हिस्की, 36 आफ्टर डार्क, 96 ऑफिसर च्वाइस, 40 ब्लू लाइम देशी शराब, 20 हाई इम्पैक्ट व्हिस्की और 28 किंगफिशर बियर शामिल हैं। पुलिस ने मौके से गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे अवैध शराब को आसपास के ठेकों से खरीदकर बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता है।

गिरफ्तार तस्कर

गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी कुमार, रामऔतार यादव, विकास कुमार, दीपक कुमार, संटू कुमार, रोशन कुमार, श्रवण कुमार, चंदन साह, विन्ध्याचली देवी और सुनीता कुमारी शामिल हैं, जो सभी बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।

टीम को सफलता

इस कार्रवाई में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अंजू यादव, सिपाही प्रवेश सिंह तथा आरपीएफ के उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार, आरक्षी देवेंद्र यादव, महिला प्रधान आरक्षी रशीदा बानो, आरक्षी अशोक चौरसिया और धर्मेंद्र कुमार की अहम भूमिका रही।