जिलेभर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजे की तस्करी में शामिल 9 अभियुक्त गिरफ्तार
 

अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, एएसपी ऑपरेशन दिगम्बर कुशवाहा और सभी क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई।
 

जिले में हर इलाके में बिकता है अवैध गांजा

एक दिन के अभियान में दबोचे गए 9 शातिर

3 किलो से अधिक अवैध गांजा भी बरामद

भांग की दुकानों के आसपास खूब बिकता है गांजा 

चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत जनपदीय पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। सरकारी भांग की दुकानों और उनके आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने अवैध गांजा बेचने वाले 09 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 3.572 किलोग्राम अवैध गांजा और नगद राशि बरामद की गई।

अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर, एएसपी ऑपरेशन दिगम्बर कुशवाहा और सभी क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। साथ ही सरकारी भांग की दुकानों के लाइसेंसधारकों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि बिक्री में उनकी संलिप्तता की जांच की जा सके।

थाना धानापुर – प्रभारी निरीक्षक शरद गुप्ता के नेतृत्व में ग्राम अहिकौरा स्थित सरकारी भांग की दुकान से उमाशंकर गुप्ता (42) को 270 ग्राम गांजा और 2,164 रुपये नगद के साथ गिरफ्तार किया गया। इस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ।

थाना सकलडीहा – थानाध्यक्ष अतुल कुमार के नेतृत्व में दो गिरफ्तारियां हुईं। पहली, मुकेश यादव को ग्राम नागेपुर की भांग की दुकान से 89 ग्राम गांजा और 480 रुपये के साथ, और दूसरी, सृजन सोनकर को डेढावल बाजार से 200 ग्राम गांजा और 4,700 रुपये के साथ पकड़ा गया। दोनों पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए।

थाना चकिया – प्रभारी अर्जुन सिंह की टीम ने मोहम्मदाबाद पुलिया के पास अरविंद कुमार शर्मा को 23 पुड़ियों में 82 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा।

थाना चन्दौली – प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने साहू जी के पोखरे के पास रिंकू कुमार को 28 पुड़ियों में 119 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।

थाना सैयदराजा – प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय की टीम ने दो गिरफ्तारियां कीं। जितेन्द्र कुमार को 87 ग्राम गांजा के साथ बिशुनपुरा से और राजकुमार गुप्ता को 313 ग्राम गांजा के साथ नेवादा-सोगाई रोड से पकड़ा गया।

थाना अलीनगर – प्रभारी निरीक्षक अनील कुमार प्रसाद पाण्डेय की टीम ने शिवाजीत यादव को रेवसा अंडरपास के पास 116 पुड़ियों में 400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।

थाना बबुरी – प्रभारी निरीक्षक की टीम ने कस्बा बबुरी से शिवा जी को लाल रंग के झोले में 100 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा।

कुल मिलाकर पुलिस ने 09 अभियुक्तों से 3.572 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस अधीक्षक चन्दौली ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।