चंदौली में खूंटे से 2 भैंस खोल ले गए चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात; जांच में जुटी अलीनगर पुलिस

 

चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछमन गांव में देर रात चोरों ने एक पशुपालक के खूंटे से दो भैंस पार कर दीं। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।

 
 

अलीनगर के कुछमन गांव में पशु चोरी

खूंटे से बंधी दो भैंस ले गए चोर

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात

चोरों के चंगुल से छूटकर भागी पड़िया

पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही जांच

चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछमन गांव में शनिवार देर रात पशु चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने एक घर के बाहर खूंटे से बंधी दो भैंसों को चोरी कर लिया। पूरी घटना मकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद से ही क्षेत्र के पशुपालकों में डर का माहौल बना हुआ है।

पड़िया चोरों के चंगुल से छूटकर घर लौटी
जानकारी के मुताबिक कुछमन गांव निवासी राजदेव यादव पशुपालन करके ही अपने परिवार का गुजारा चलाते हैं। शनिवार की रात करीब 1:51 बजे दो अज्ञात चोर उनके घर के बाहर पहुंचे। चोरों ने खूंटे से बंधी दो भैंस और एक पड़िया (भैंस का बच्चा) को खोल लिया। थोड़ी दूर जाने पर पड़िया किसी तरह छूटकर वापस घर भाग आई, लेकिन दोनों भैंसों को चोर अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे।

सुबह सीसीटीवी देखने पर खुला राज
सुबह जब परिवार सोकर उठा, तो देखा कि दोनों भैंस गायब थीं। काफी खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने घर का सीसीटीवी फुटेज खंगाला। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति भैंसों को ले जाते साफ दिखाई दिए। इसके तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश जारी
अलीनगर थानाध्यक्ष गगन राज सिंह ने बताया कि भैंस चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को पकड़कर चोरी गई भैंसों को बरामद कर लिया जाएगा। लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में काफी गुस्सा और असुरक्षा की भावना व्याप्त है।