अलीनगर पुलिस का एक्शन: बनारस से बिहार ले जाया जा रहे जानवर पकड़े, अलीनगर रिंग रोड पर दबोचे गए 2 तस्कर
चंदौली की अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड पर चेकिंग के दौरान टाटा मैजिक से एक गोवंश बरामद कर दो शातिर गौतस्करों को गिरफ्तार किया है।
अलीनगर पुलिस की चेकिंग में गौतस्करी का पर्दाफाश
टाटा मैजिक गाड़ी से 1 गोवंश हुआ बरामद
बनारस के चोलापुर से बिहार ले जाया जा रहा था गोवंश
वाराणसी निवासी 2 शातिर गौतस्कर हुए गिरफ्तार
पुलिस ने गोवध व पशु क्रूरता अधिनियम में दर्ज किया केस
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में नशीले पदार्थों और पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। उच्च अधिकारियों के कुशल निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में 15 अक्टूबर 2026 को अलीनगर पुलिस टीम चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास जाल बिछाकर चेकिंग शुरू की।
संदिग्ध टाटा मैजिक की तलाशी में बरामद हुआ गोवंश
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध टाटा मैजिक वाहन (संख्या UP65CT9902) आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब वाहन को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली, तो गाड़ी के अंदर क्रूरतापूर्वक लादा गया एक राशि गोवंश बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत गोवंश को अपने कब्जे में सुरक्षित ले लिया और गाड़ी में सवार दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा मैजिक वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में हुआ खुलासा: बनारस से बिहार भेजने की थी तैयारी
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वे वाहन स्वामी के कहने पर बनारस के चोलापुर इलाके से इस गोवंश को लादकर बिहार ले जा रहे थे। अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे गायों को बेचकर ही अपना जीविकोपार्जन करते हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय अखिलेश कुमार सिंह और 48 वर्षीय राज कुमार चौहान के रूप में हुई है, जो दोनों वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के नियारडीह गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस टीम ने दर्ज किया कड़ा मुकदमा
इस सफल कार्रवाई के बाद थाना अलीनगर में दोनों अभियुक्तों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उप-निरीक्षक अनिल पासवान, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार सिंह, कांस्टेबल प्रभाकर और कांस्टेबल शान खान शामिल रहे।