ट्रेनों के जरिए बिहार में शराब तस्करी का पर्दाफाश, चंदौली में 5 अंतरराज्यीय तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

 

चंदौली की अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने लोको कॉलोनी के पास से 5 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करों के पास से कुल 46.68 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे वे बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में थे।

 
 

अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

46.68 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद

बिहार ले जा रहे 5 तस्कर गिरफ्तार

लोको कॉलोनी के पास से हुई गिरफ्तारी

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

चंदौली जिले के थाना अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान कुल 46.68 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत की गई।

लोको कॉलोनी के पास से हत्थे चढ़े तस्कर
पहली कार्रवाई में पुलिस टीम ने लोको कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर के पास से चेकिंग के दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार निवासी अंजय कुमार (23 वर्ष), शुभम कुमार (26 वर्ष) और चंदन कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई। इनके पास से 81 टेट्रा पैक और विभिन्न ब्रांड की कुल 21.33 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

रेलवे ग्राउंड के पास से दो अन्य आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने लोको कॉलोनी स्थित रेलवे ग्राउंड के पास से चेकिंग के दौरान दो अन्य संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान हरियाणा निवासी हर्षित सेहरावत (25 वर्ष) और राजस्थान निवासी सुनील मीणा (24 वर्ष) के रूप में हुई। इनके पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 25.35 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदकर जमा करते थे। इसके बाद बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर इसे ट्रेनों के माध्यम से वहां ले जाते थे और ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। आरोपी शराब लेकर ट्रेन पकड़ने जा ही रहे थे कि पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।