ट्रेन से बिहार शराब ले जाने की फिराक में थे तस्कर, पिट्ठू बैग से शराब बरामद कर 5 आरोपी दबोचे

 

चंदौली की अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने लोको ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान 31.365 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बैग में शराब भरकर ट्रेन से बिहार ले जाने की फिराक में थे।

 
 

अलीनगर पुलिस और RPF का संयुक्त एक्शन

31.365 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

बिहार के रहने वाले 5 शराब तस्कर गिरफ्तार

पिट्ठू बैग में भरकर ले जा रहे थे शराब

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

चंदौली जिले की अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम को अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से मिले इनपुट के आधार पर 1 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:10 बजे पुलिस और आरपीएफ टीम ने लोको कॉलोनी स्थित लोको ग्राउंड के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में घूम रहे 5 व्यक्तियों को रोककर उनके पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई तो भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

पिट्ठू बैग से बरामद हुई 31 लीटर से ज्यादा शराब
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास मौजूद पिट्ठू बैग से कुल 31.365 लीटर नाजायज अंग्रेजी शराब जब्त की। इसमें 'आफ्टर डार्क' टेट्रा पैक की 18 अदद शीशियां (180 ML प्रत्येक), 'रॉयल स्टैग' की 33 अदद बोतलें (750 ML प्रत्येक) और 'रॉयल स्टैग' की 9 अदद बोतलें (375 ML प्रत्येक) शामिल हैं। पुलिस ने मौके से ही पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

ट्रेन से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे आसपास के शराब के ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब खरीदकर इकट्ठा करते थे। बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर वे इसे ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों में बेचकर अवैध मुनाफा कमाते थे। आज भी वे शराब से भरे बैग लेकर ट्रेन पकड़ने स्टेशन की तरफ जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए।

बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी हैं आरोपी
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नीरज कुमार सिंह (मुंगेर), गुड्डू कुमार (औरंगाबाद), सत्यम कुमार (बेगूसराय), आनंद कुमार (पटना) और महेश कुमार (औरंगाबाद) के रूप में हुई है। इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या- 476/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह और RPF/DDU उप-निरीक्षक दीपेंद्र राणावत की टीम शामिल रही।