पचफेड़वा रिंग रोड से धराया गाजीपुर का 25 हजार का इनामी गैंगेस्टर, पशु तस्करी समेत दर्ज हैं कई मुकदमे

चंदौली की अलीनगर पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने गोवध अधिनियम के तहत वांछित और 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अनिल कुमार यादव को पचफेड़वा रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
 

अलीनगर पुलिस और स्वाट की संयुक्त कार्रवाई

25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त गिरफ्तार

पचफेड़वा रिंग रोड के पास से पकड़ा गया

गाजीपुर के खजुहा गांव का रहने वाला अभियुक्त

गोवध और गैंगेस्टर एक्ट में पहले से वांछित

चंदौली जिले में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को धर दबोचा है।

पचफेड़वा रिंग रोड के पास से हुई गिरफ्तारी
उच्चाधिकारियों के सख्त निर्देशों के अनुपालन में अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह, स्वाट टीम प्रभारी राम जनम यादव और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 25 अगस्त 2026 को पचफेड़वा रिंग रोड के समीप घेराबंदी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस की मुस्तैदी के कारण आरोपी को मौके से भागने का अवसर नहीं मिल सका।

गाजीपुर का रहने वाला है गिरफ्तार अभियुक्त
पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अनिल कुमार यादव (उम्र लगभग 31 वर्ष) पुत्र रमाशंकर यादव के रूप में हुई है। आरोपी गाजीपुर जिले के थाना सुहवल अंतर्गत ग्राम खजुहा का निवासी है। उस पर थाना अलीनगर में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस (BNS) की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत था, जिसमें वह वांछित चल रहा था।

अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अनिल कुमार यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में भी थाना अलीनगर में वर्ष 2017 में गोवध निवारण अधिनियम तथा गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

सराहनीय पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल गिरफ्तारी अभियान में थाना अलीनगर से प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल चंदन कुमार तथा स्वाट/सर्विलांस टीम से प्रभारी राम जनम यादव, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा, मुख्य आरक्षी अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, दीपक मिश्रा, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश सिंह और आरक्षी अमित सिंह की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम कानूनी व वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।