अलीनगर पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई, बिहार जा रही शराब संग 3 तस्कर गिरफ्तार

पकड़े गए तस्करों की पहचान बाबुल कुमार (निवासी सहरसा, बिहार), दुख्खन कुमार और नितीश कुमार (दोनों निवासी वैशाली, बिहार) के रूप में हुई।
 

शराब तस्करी पर पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त बड़ी कार्रवाई

21 से 22 वर्ष के तीन युवक गिरफ्तार

27 लीटर अंग्रेजी व देशी शराब की बरामदगी

बरामद शराब की कीमत करीब 35 हजार रुपये

चंदौली जिले के शराब तस्करी पर नकेल कसने के अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बुधवार देर शाम लोको कॉलोनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास चेकिंग अभियान के दौरान तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 27.17 लीटर अवैध अंग्रेजी और देसी शराब बरामद की।

मिली गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

आपको बता दें कि आरपीएफ को शराब तस्करी की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके आधार पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया।

देखें विडियो - https://youtube.com/shorts/sd_38Hrzpe4

तीन तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

बताते चलें कि पकड़े गए तस्करों की पहचान बाबुल कुमार (निवासी सहरसा, बिहार), दुख्खन कुमार और नितीश कुमार (दोनों निवासी वैशाली, बिहार) के रूप में हुई। तीनों की उम्र 21 से 22 वर्ष के बीच है।

बरामदगी का ब्योरा

गिरफ्तार तस्करों के पास से 24 बोतल 8PM अंग्रेजी शराब (375 एमएल), 03 बोतल रॉयल स्टेग (750 एमएल), 49 टेट्रा पैक ऑफिसर च्वाइस (180 एमएल) और 28 टेट्रा पैक विंडसर देशी शराब (200 एमएल) बरामद हुई। कुल मिलाकर लगभग 27.17 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है।

बिहार में बेचते थे महंगे दाम पर

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के शराब ठेकों से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेचते थे। इससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था, जिसे वे अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे।

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना अलीनगर पर केस संख्या 424/25, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

टीम को सफलता का श्रेय

इस कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पासवान, कांस्टेबल प्रवेश सिंह और आरपीएफ टीम के शरत चंद्र यादव, आरक्षी योगेश कुमार व राजीव रंजन पाठक शामिल रहे।