शातिर भैंस चोर गिरोह का भंडाफोड़: अलीनगर पुलिस ने पिकअप के साथ 8 शातिर चोरों को दबोचा

चंदौली की अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने रेकी कर भैंस चोरी करने वाले गिरोह के 8 शातिर सदस्यों को पकड़ा है। मुठभेड़ जैसी स्थिति में पुलिस पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास भी विफल हुआ। मौके से चोरी की भैंस, पिकअप और नकदी बरामद हुई।
 

चंदौली अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

भैंस चोर गिरोह के आठ सदस्य गिरफ्तार

पुलिस पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास नाकाम

चोरी की भैंस और वाहन बरामद

बिहार में औने-पौने दामों में बेचते थे मवेशी

चंदौली जिले में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही मवेशी चोरी की घटनाओं पर अलीनगर पुलिस और सर्विलांस टीम ने ब्रेक लगा दिया है। पुलिस ने एक सक्रिय और शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह दिन में गांवों में घूमकर रेकी करता था और रात के अंधेरे में मवेशी चुराकर बिहार में औने-पौने दामों में बेच देता था।

मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी
8 सितंबर 2026 को अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह और सर्विलांस सेल प्रभारी आशीष मिश्रा की अगवाई में टीम को सूचना मिली कि रेवसा रेलवे ब्रिज के नीचे कुछ चोर पिकअप वाहन में चोरी की भैंस लाद रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी शुरू कर दी।

 पिलर से टकराई पिकअप
पुलिस को अपनी तरफ आता देख चोरों ने पिकअप चालक को ललकारते हुए पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने को कहा। चालक ने जान से मारने की नियत से पिकअप को पुलिस की तरफ तेजी से बढ़ा दिया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने अपनी जान बचाई और अनियंत्रित हुई पिकअप ब्रिज के पिलर से जा टकराई। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चालक समेत 8 बदमाशों को दबोच लिया।

वाराणसी, चंदौली और बिहार के रहने वाले हैं गिरफ्तार अभियुक्त
पकड़े गए आरोपियों में मो. याकूब (वाराणसी, पिकअप चालक), विजय चौहान उर्फ रिंकू (सकलडीहा, चंदौली), आनंद मौर्य (सारनाथ, वाराणसी), ओम प्रकाश नट (कैमूर, बिहार), सटरु हुसैन (चंदौली), नितेश कुमार (कैमूर, बिहार), अखिलेश नट (बक्सर, बिहार) और विनोद नट (कैमूर, बिहार) शामिल हैं। इनके पास से 1 चोरी की भैंस, 1 पिकअप (UP61T3510), ₹23,700 नकद और 6 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

आधा दर्जन से ज्यादा चोरी की घटनाओं को किया स्वीकार
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों (बन्नी, गुड्डू व साहेब) के साथ मिलकर सुनसान जगहों से मवेशी चुराते थे और बिहार ले जाकर बेच देते थे। अभियुक्तों ने अलीनगर, सकलडीहा, चंदौली, सैयदराजा, चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों से पूर्व में की गई कई मवेशी चोरियों को स्वीकार किया है। आरोपी विजय चौहान और सटरु हुसैन का पूर्व से भी लंबा आपराधिक इतिहास रहा है।

इस सफल कार्रवाई में अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष गुप्ता, अमित कुमार सिंह, मुमताज अहमद और सर्विलांस सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित हे.का. प्रेम प्रकाश यादव, आदित्य शंकर पांडेय, का. अजीत सिंह, नीरज मिश्रा, मनोज यादव, गणेश तिवारी व संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अलीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।