मुगलसराय का पंकज जायसवाल 3 बैग शराब के साथ अरेस्ट, शराब बेचने के लिए ये था हथकंडा

 

चंदौली की अलीनगर पुलिस ने जीटीआर पुल के पास घेराबंदी कर मुगलसराय निवासी एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से तीन अलग-अलग बैगों में भरी कुल 42.03 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।

 
 

अलीनगर पुलिस ने तस्कर को दबोचा

कुल 42.03 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद

जीटीआर पुल के पास हुई गिरफ्तारी

तीन बैगों में छिपाकर रखी थी शराब

आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

चंदौली जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलीनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशन में काम कर रही थाना अलीनगर पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर आज दिनांक 02 जून 2026 को सुबह करीब 09:15 बजे जीटीआर पुल के पास से एक शातिर व्यक्ति को अवैध शराब के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए व्यक्ति से जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम पंकज जायसवाल पुत्र कृष्णा प्रसाद जायसवाल बताया। अभियुक्त मुख्य रूप से वार्ड नंबर 17, वेस्टन बाजार गल्ला मंडी, थाना मुगलसराय, जिला चंदौली (उत्तर प्रदेश) का निवासी है।

तीन बैगों से बरामद हुई 60 हजार की शराब
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस टीम ने अभियुक्त के पास मौजूद तीन काले रंग के धारीदार (लाइनदार) बैगों की सघन तलाशी ली, तो उनके होश उड़ गए। पुलिस को पहले बैग से 8PM टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब के 96 अदद (प्रत्येक 180 ML), दूसरे बैग से रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब के 48 अदद (प्रत्येक 375 ML) और तीसरे बैग से रॉयल स्टैग के ही 09 अदद बड़े पैक (प्रत्येक 750 ML) बरामद हुए।

इसके साथ ही अभियुक्त की जामा तलाशी लेने पर उसकी पैंट की बाईं जेब से कुल 700 रुपये नकद (500 का एक नोट और 200 का एक नोट) बरामद किए गए। बरामद की गई कुल 42.03 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 60,000/- रुपये आंकी गई है।

ऊंचे दामों पर शराब बेचने का करता था धंधा
पुलिस की गिरफ्त में आए अभियुक्त पंकज जायसवाल ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह आसपास के इलाकों से नाजायज शराब खरीदकर उसे चोरी-छिपे ऊंचे दामों पर बेचने का काम करता था। इससे होने वाली अवैध कमाई से ही वह और उसके परिवार के लोग अपना जीवन यापन करते हैं।

इस बड़ी बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर अलीनगर पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 337/2026 और धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है और आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

कार्रवाई में शामिल रही यह पुलिस टीम
शराब तस्करी के इस बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करने और अभियुक्त को सलाखों के पीछे भेजने वाली पुलिस टीम में थाना अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक श्री घनश्याम शुक्ला, उपनिरीक्षक  अमित सेन सिंह और हेड कांस्टेबल श्रीकृष्ण मुख्य रूप से शामिल रहे, जिनकी मुस्तैदी के कारण इस कामयाबी को अंजाम दिया जा सका।