टॉर्च जलाकर सोने की चैन ढूंढ रहे थे 2 गौतस्कर, अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड पर दबोचा; लंबा आपराधिक इतिहास आया सामने
चंदौली के अलीनगर पुलिस और SWAT टीम ने रिंग रोड पचफेड़वा के पास से गोवध कानून में वांछित 2 शातिर गौतस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सरगना राहुल यादव पर जौनपुर, वाराणसी और चंदौली में 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
अलीनगर पुलिस और स्वाट टीम की बड़ी कार्रवाई
2 शातिर वांछित गौतस्कर गिरफ्तार
रिंग रोड पचफेड़वा सर्विस लेन पर गिरफ्तारी
आरोपी राहुल यादव पर 13 मुकदमे दर्ज
चंदौली जिले में अपराधियों और गौतस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस और SWAT टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना अलीनगर पर पंजीकृत गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित दो शातिर गौतस्करों को धर दबोचा।
रिंग रोड पचफेड़वा के पास से हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने 23 अगस्त 2026 को तड़के करीब 01.20 बजे रिंग रोड पचफेड़वा सर्विस लेन के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अभियुक्तों में राहुल यादव (21 वर्ष) पुत्र तहसीलदार यादव, निवासी तालाबेला, चोलापुर (वाराणसी) और सुंदरम उर्फ नीरज यादव (25 वर्ष) पुत्र पप्पू यादव, निवासी बभनपुरा, चौबेपुर (वाराणसी) शामिल हैं।
सोने की चैन ढूंढते समय पकड़े गए अभियुक्त
पुलिस की पूछताछ में दोनों गौतस्करों ने बताया कि 22 अगस्त 2026 को जब वे मैजिक वाहन से गोवंशों को ले जा रहे थे, तो पुलिस चेकिंग को देखकर वाहन छोड़कर भाग निकले थे। भागने के दौरान राहुल यादव के गले में पहनी हुई सोने की चैन गिर गई थी। उसी गिरी हुई चैन को दोनों रात में मोबाइल फोन की फ्लैश लाइट जलाकर ढूंढ रहे थे, तभी मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त राहुल यादव एक दुस्साहसिक और शातिर किस्म का अपराधी है। उस पर चंदौली, वाराणसी और जौनपुर जिलों के विभिन्न थानों में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, जानलेवा हमला, डकैती, रंगदारी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित कुल 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
वहीं, दूसरे अभियुक्त सुंदरम उर्फ नीरज यादव के खिलाफ भी वाराणसी और चंदौली के विभिन्न थानों में एससी/एसटी एक्ट, मारपीट, बलवा और गोवध अधिनियम के तहत कुल 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में शामिल पुलिस व स्वाट टीम
इस सफल कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, निरीक्षक दयाराम गौतम, उपनिरीक्षक योगेंद्र नाथ यादव, कांस्टेबल अजय कुमार और सूरज सरोज शामिल रहे। इसके अलावा SWAT/SOG टीम के प्रभारी राम जन्म यादव, मुख्य आरक्षी अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, दीपक मिश्रा, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश सिंह और अमित सिंह ने भी मुख्य भूमिका निभाई। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।