अलीनगर पुलिस व RPF की छापेमारी : संयुक्त कार्रवाई में 65 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, 11 तस्कर गिरफ्तार
अलीनगर पुलिस व RPF टीम की संयुक्त बड़ी कार्रवाई
रेलवे ओवरब्रिज पर चला चेकिंग अभियान
80 हजार रुपये आंकी गई शराब की कीमत
चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ मिलकर अवैध शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। रविवार की रात करीब 9:30 बजे लोको कॉलोनी स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न ब्रांड की 65.88 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए 11 तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।
तस्करी रोकने के लिए एसपी ने दिए थे सख्त निर्देश
आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जिले में शराब तस्करी पर रोक लगाने और इसमें संलिप्त अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में अलीनगर थाने की टीम प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय के नेतृत्व में सक्रिय थी।
शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई
पुलिस और RPF की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 50 बोतलें 8PM, 20 बोतलें रॉयल स्टेग, 4 बोतलें ब्लेंडर प्राइड, 30 टेट्रा पैक आफ्टर डार्क, 82 टेट्रा पैक माउंटेन ओक, 2 बोतलें सिग्नेचर, 19 टेट्रा पैक सिग्नेचर, 10 टेट्रा पैक ऑफिसर च्वाइस और 24 कैन किंगफिशर बियर बरामद कीं। कुल मिलाकर 65.88 लीटर अंग्रेजी शराब की तस्करी की जा रही थी।
बिहार ले जाकर बेचने की थी तैयारी
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अवैध शराब पास के ठेकों से खरीदकर बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस कारोबार से होने वाले मुनाफे का इस्तेमाल वे अपने शौक पूरे करने में करते थे।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के वैशाली, नवादा, नालंदा, पटना, गया, लखीसराय, शेखपुरा और दिल्ली निवासी 11 लोगों के रूप में हुई है। इनके खिलाफ अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
गिरफ्तारी व बरामदगी में अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक शिवानंद सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार और RPF टीम के उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।