UP की शराब खरीदकर बिहार में  बेचने का खेल खत्म, अलीनगर पुलिस और RPF के हत्थे चढ़े महिला समेत 4 तस्कर

 

चंदौली की अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने हनुमान मंदिर के पास से बिहार के रहने वाले एक महिला समेत 4 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 38.49 लीटर अवैध देसी-अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।

 
 

अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार हुए तस्कर

महिला समेत बिहार के 4 तस्कर गिरफ्तार

38.49 लीटर अवैध देसी-अंग्रेजी शराब बरामद

बिहार में महंगे दामों पर बेचते थे शराब

 चंदौली जिले में अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने 8 अगस्त 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई की। हनुमान मंदिर के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे तीन पुरुषों और एक महिला को रोककर जब जांच की गई, तो उनके पास से अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।

पिट्ठू बैग, झोले और बोरी से निकली भारी मात्रा में शराब
पुलिस जांच के दौरान रोहतास (बिहार) निवासी रंजीत कुमार के झोले से 180 ML की 38 '8PM' टेट्रा पैक अंग्रेजी शराब मिली। वहीं रोहतास के ही प्रकाश कुमार के प्लास्टिक बोरे से 200 ML की 35 'ब्लू लाइम' टेट्रा पैक देसी शराब बरामद हुई। गया निवासी अंकित कुमार के नीले रंग के पिट्ठू बैग से 750 ML की 23 बोतल 'रॉयल स्टैग' अंग्रेजी शराब तथा नवादा निवासी प्रीति कुमारी के बोरे से 200 ML की 37 देसी शराब की पैकैट बरामद हुई। कुल मिलाकर 38.49 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

अलग-अलग दुकानों से शराब एकत्र करते थे आरोपी
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि बिहार राज्य में शराबबंदी लागू है। इसलिए वे लोग अलग-अलग शराब की दुकानों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में शराब खरीदते थे, ताकि किसी को शक न हो। इसके बाद पूरी शराब को इकट्ठा करके बैग और बोरियों में छुपाकर बिहार ले जाते थे और वहां ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। लेकिन बिहार पहुंचने से पहले ही चंदौली में वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज
मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना अलीनगर में मु.अ.सं. 494/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में अलीनगर थाने के उपनिरीक्षक अनिल कुमार पासवान, हे.का. इंद्रजीत यादव, का. संतोष कुमार, महिला कांस्टेबल दीपाली शुक्ल तथा आरपीएफ टीम से स.उ.नि. राकेश सिंह, का. अमित कुमार चौरसिया, का. आनंद कुमार और का. प्रमोद कुमार यादव शामिल रहे।