अलीनगर पुलिस और RPF का बड़ा एक्शन: 2 लाख के गांजे के साथ 3 बिहारी तस्कर गिरफ्तार
चंदौली में 2 लाख का गांजा बरामद
अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की कार्रवाई
वाराणसी से बिहार हो रही थी तस्करी
तीन शातिर गांजा तस्कर रंगे हाथ गिरफ्तार
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
चंदौली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने रेलवे ट्रैक के आसपास इलाके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन अलग-अलग बैगों में भरा हुआ कुल 10 किलोग्राम (9.127 किग्रा) अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
मान सरोवर पोखरा के पास घेराबंदी कर दबोचा
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम और आरपीएफ पोस्ट डीडीयू नगर की सीपीडीएस टीम संयुक्त रूप से इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि डीएफसीसीआईएल रेलवे लाइन के पास, मानसरोवर पोखरे के समीप कुछ लोग अवैध गांजे की खेप के साथ मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8:25 बजे मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और पेड़ के नीचे छिपे तीनों युवकों को धर दबोचा।
बिहार के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान बिहार निवासी के रूप में हुई है। पहले आरोपी ने अपना नाम उदय कुमार पुत्र सच्चिदानन्द राय-निवासी नया टोला खिरोधरपुर, थाना फतुआ, जिला पटना बताया था। इसके ग्रे रंग के बैग से गांजे के तीन बंडल मिले। दूसरे आरोपी की पहचान शम्भू कुमार पुत्र बलिराम राय- निवासी मेरमपुर, थाना राघोपुर, जिला वैशाली के रूप में हुई है। इसके लाल रंग के बैग से तीन बंडल बरामद हुए हैं। वहीं तीसरा आरोपी दीना कुमार पुत्र स्व. राजकुमार राय-निवासी मेरमपुर, थाना राघोपुर, जिला वैशाली का रहने वाला निकला, जिसके काले बैग से तीन बंडल गांजा मिला है।
वाराणसी से बिहार ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उन्हें यह अवैध गांजा वाराणसी के एक व्यक्ति ने सौंपा था। वे इस खेप को ट्रेन और अन्य साधनों से पटना (बिहार) ले जा रहे थे। बिहार में वे इसे ऊंचे दामों पर फुटकर में बेचते, जिससे मिलने वाले पैसे से वे अपने और अपने परिवार का जीवन-यापन करते थे।
गांजे की इस बड़ी बरामदगी के बाद अलीनगर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ मु.अ.सं. 570/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार पासवान, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल प्रवेश कुमार सिंह व राजेंद्र यादव शामिल रहे। वहीं आरपीएफ टीम से उपनिरीक्षक संदीप कुमार, कांस्टेबल राम अवध राम, मनीष कुमार और आनंद कुमार का विशेष योगदान रहा।