ट्रेन से बिहार भेजी जा रही थी शराब: चंदौली में पुलिस व RPF ने लोको ग्राउंड के पास 4 तस्करों को दबोचा

 

चंदौली के अलीनगर में पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने लोको ग्राउंड के पास घेराबंदी करके बिहार के 4 शराब तस्करों को दबोच लिया। इनके कब्जे से 46.72 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई है, जिसे ये ट्रेनों के जरिए बिहार ले जाने की फिराक में थे।

 
 

लोको ग्राउंड के पास अलीनगर पुलिस और RPF का बड़ा एक्शन

बिहार के रहने वाले 4 शराब तस्कर रंगे हाथों गिरफ्तार

तस्करों के पास से 46.72 लीटर देशी-अंग्रेजी शराब बरामद

ठेकों से शराब जुटाकर ट्रेनों से बिहार भेजने का खेल बेनकाब

चंदौली जिले की अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम को अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस और आरपीएफ की टीम 27 जुलाई 2026 को चेकिंग अभियान चला रही थी। आरपीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लोको कॉलोनी स्थित लोको ग्राउंड के पास संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की।

तलाशी में बरामद हुई भारी मात्रा में शराब
चेकिंग के दौरान लोको ग्राउंड के पास चार संदिग्ध लोग दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने उन्हें रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से कुल 46.72 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने बिना देर किए मौके से ही चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और अलीनगर थाने ले आई।

बिहार के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान कुन्दन कुमार (19 वर्ष, निवासी पिठवईया, थाना दिनारा, रोहतास), शैलेन्द्र कुमार सिंह (37 वर्ष, निवासी तुर्ती, थाना विक्रमगंज, रोहतास), मोहन पासवान (42 वर्ष, निवासी बलथुआ, थाना मुफस्सिल, रोहतास) और जितेन्द्र कुमार सिंह (40 वर्ष, निवासी बदिलाडीह, थाना काराकाट, रोहतास) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी बिहार के रोहतास जिले के रहने वाले हैं।

शराबबंदी का फायदा उठाकर करते थे कमाई
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आसपास के अलग-अलग शराब ठेकों से थोड़ी-थोड़ी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब खरीदकर जमा करते थे। इसके बाद बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर ट्रेनों के जरिए इसे बिहार ले जाते थे। वहां ऊंचे दामों में शराब बेचकर जो मुनाफा होता था, उससे वे अपने महंगे शौक पूरे करते थे।

क्या-क्या सामान हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के पास से 83 टेट्रा पैक ब्लू लाइम देशी शराब (प्रत्येक 200 ML), 48 टेट्रा पैक 8 PM अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 180 ML), 36 शीशी आफ्टर डार्क अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 180 ML) और 20 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 750 ML) बरामद की है। अलीनगर थाने में मु.अ.सं. 467/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस व RPF टीम
इस सफल कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह और कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव शामिल रहे। वहीं आरपीएफ टीम की ओर से RPF/DDU के सहायक उपनिरीक्षक गौतम कुमार सिंह, CPDS/DDU के कांस्टेबल राजीव रंजन पाठक और कांस्टेबल मनीष कुमार यादव की सराहनीय भूमिका रही।