क्रेटा कार और DCM ट्रक से 22.50 लाख का गांजा बरामद, 4 अंतरराज्यीय तस्कर दबोचे

 

चंदौली की अलीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार और डीसीएम ट्रक से तस्करी कर ले जाया जा रहा 90 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मौके से चार शातिर अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

 
 

अलीनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया

बरामद गांजे की कीमत 22.5 लाख

चार शातिर अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

क्रेटा कार और डीसीएम ट्रक जब्त

चंदौली जिले की अलीनगर थाना पुलिस को नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। यह पूरी कार्रवाई रविवार 12 जुलाई 2026 को अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह के नेतृत्व में की गई।

दरअसल, पुलिस को एक मुखबिर से पक्की सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक डीसीएम मिनी ट्रक में अवैध गांजे की बड़ी खेप लादकर लाई जा रही है। इस ट्रक के आगे-आगे एक क्रेटा कार रास्ता साफ होने का इशारा (पायलटिंग) करते हुए वाराणसी की तरफ बढ़ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास रिंग रोड पर तगड़ी घेराबंदी कर दी।

भागने की कोशिश कर रहे तस्कर दबोचे गए
चेकिंग के दौरान जब पुलिस टीम ने संदिग्ध क्रेटा कार (OD 33 N 6600) और डीसीएम मिनी ट्रक (HR 57 A 8858) को रुकने का इशारा किया, तो उनके ड्राइवरों ने पुलिस को देखकर गाड़ियां भगाने का प्रयास किया। लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने बिना मौका गंवाए दोनों वाहनों को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया।

जब दोनों गाड़ियों की सघन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। तस्करों ने क्रेटा कार की डिग्गी में 22 अलग-अलग बंडल (22 किलो) और डीसीएम ट्रक के पिछले हिस्से में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर 68 बंडल (68 किलो) गांजा रखा हुआ था। कुल मिलाकर पुलिस ने मौके से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 22.50 लाख रुपये आंकी गई है।

चार राज्यों के चार शातिर तस्कर गिरफ्तार
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए तस्करों ने कुबूल किया कि वे अपने वाहन मालिक के कहने पर ओडिशा से यह गांजा सस्ते दामों में खरीदकर राजस्थान और दिल्ली में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहे थे। पुलिस ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो देश के अलग-अलग राज्यों से ताल्लुक रखते हैं।

पकड़े गए अभियुक्तों में काशीराम (42 वर्ष) निवासी हनुमानगढ़, राजस्थान; मनोज कुमार (50 वर्ष) निवासी अरवल, बिहार; ज्ञानेन्द्र कुमार (38 वर्ष) निवासी रोहिणी, दिल्ली और सुशांत कुमार दिग्गल (36 वर्ष) निवासी कन्धमाल, ओडिशा शामिल हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
अलीनगर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 0439/2026 और धारा 8/20/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन तस्करों के पुराने आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में गहराई से छानबीन की जा रही है।

इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी गगनराज सिंह के साथ निरीक्षक शरद गुप्ता, भूपौली चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता और कांस्टेबल अभिषेक दूबे, प्रवेश कुमार, अली अहमद, अमित कुमार यादव व विपिन कुमार गुप्ता शामिल रहे।