चंदौली में 1.25 करोड़ का गांजा बरामद, ANTF गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कंटेनर के बक्से में छिपा था 2.5 कुंतल गांजा, 1 गिरफ्तार
चंदौली में ANTF गाजीपुर और अलीनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 2 कुंतल 51 किलो गांजा बरामद किया। कीमत करीब 1.25 करोड़। कंटेनर वाहन के गुप्त बक्से में 120 बंडल में छिपा था गांजा। झारखंड के बोकारो निवासी 1 तस्कर गिरफ्तार।
चंदौली में 2.51 कुंतल अवैध गांजा बरामद
कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये
ANTF गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
कंटेनर के गुप्त बक्से में 120 बंडल में छिपा था गांजा
झारखंड के बोकारो निवासी तस्कर गिरफ्तार
चंदौली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर एवं थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने 2 कुंतल 51 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है और एक कंटेनर वाहन (संख्या UK06CB5283) को भी जब्त किया है।
कटरिया सर्विस लेन पर हुई कार्रवाई
उच्चाधिकारियों के कुशल निर्देशन में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 20 सितंबर 2026 को एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर व थाना अलीनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कन्टेनर वाहन से अवैध गांजा लेकर झारखण्ड से कटरिया क्षेत्र में आने वाला है।
सूचना पर एएनटीएफ यूनिट गाजीपुर टीम व थाना अलीनगर पुलिस टीम ने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र कटरिया सर्विस लेन पर घेराबंदी की और संदिग्ध कन्टेनर वाहन (UK06CB5283) को रोका।
गुप्त बक्से में छिपा था गांजा
वाहन की जांच व तलाशी लेने पर केबिन के ऊपरी हिस्से में बने गुप्त बक्से से 08 सफेद प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 120 बण्डलों में 02 कुन्तल 51 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा पाया गया।
अभियुक्त की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 एंड्रॉइड मोबाइल फोन (रेडमी), 01 निर्वाचन कार्ड, 01 आधार कार्ड, 01 रिलायंस कार्ड, 01 एसबीआई एटीएम कार्ड तथा 900 रुपये नगद बरामद हुए।
बरामद अवैध गांजा को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में थाना अलीनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 586/2026, धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
बोकारो से भेजा गया था माल
गिरफ्तार अभियुक्त बजरंग कुमार सिंह पुत्र उदयशंकर सिंह, निवासी काशी झरिया, थाना पिण्डरा जोडा, जनपद बोकारो, झारखण्ड (उम्र करीब 29 वर्ष) ने पूछताछ में बताया कि यह गांजा मंटू सिंह निवासी बोकारो (झारखण्ड) ने गाड़ी में लदवाकर रामनगर (वाराणसी के पास) पहुँचाने के लिए दिया था। यहाँ किसी व्यक्ति को यह माल सुपुर्द कर बदले में पैसे लेकर वापस जाने थे।
पुलिस अब मंटू सिंह और रामनगर में माल लेने वाले व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।
पुलिस टीम रही मौजूद
गिरफ्तारी में थाना अलीनगर पुलिस टीम से प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह चौकी प्रभारी जफरपुर, हेड कांस्टेबल रामराज, अखिलेश सिंह तथा एएनटीएफ गाजीपुर टीम से प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक शमी अशरफ शेख, हेड कांस्टेबल संजय सिंह रजावत, जयन्त सिंह, शिवांश राय, देवानन्द और चालक इन्द्रपाल सिंह शामिल रहे।