31.62 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर जगदीश गिरफ्तार, बलुआ पुलिस और ANTF का बड़ा एक्शन

 

चंदौली के बलुआ में पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने 31.62 लाख रुपये की 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ सोनबरसा निवासी जगदीश सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी कैथी से माल लाकर पुड़िया में बेचता था।

 
 

31.62 लाख रुपये की अवैध हेरोइन बरामद

बलुआ पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई

टाण्डाकला अंग्रेजी शराब दुकान के पास गिरफ्तारी

नायब तहसीलदार की उपस्थिति में ली गई तलाशी

आरोपी के खिलाफ दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

चंदौली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक 58 वर्षीय शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 31.62 लाख रुपये बताई जा रही है।

नायब तहसीलदार की मौजूदगी में ली गई तलाशी
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह और ANTF प्रभारी कुलदीप कुमार शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार शाम करीब 7 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास घेराबंदी की गई। पकड़े जाने पर आरोपी पुलिस को भ्रमित करने के लिए शोर मचाने लगा, जिसके बाद नियमानुसार नायब तहसीलदार दिनेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई।

हाफ पैंट में छिपाकर रखी थी हेरोइन
तलाशी के दौरान आरोपी की हाफ पैंट की कमर (इलास्टिक) में छिपाकर रखी गई काली पॉलिथीन से 253 ग्राम अवैध हेरोइन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनबरसा (टाण्डाकला) निवासी जगदीश सिंह पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह बनारस के कैथी से माल लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचता था।

आरोपी का पहले से रहा है आपराधिक इतिहास
बलुआ पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जगदीश सिंह के खिलाफ पहले भी बलुआ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में मु0अ0सं0 218/2023 और वर्ष 2025 में मु0अ0सं0 295/2025 के तहत मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के धंधे में संलिप्त रहा है।

एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना बलुआ में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 210/2026 धारा 8/21 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।