मुकदमा वापस लेने की धमकी देने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार, बलुआ पुलिस ने बरामद की पिस्टल और सोने की चेन

 

चंदौली की बलुआ थाना पुलिस ने चहनिया में सरेशाम मारपीट और लूट करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के लिए बदमाशों ने पिस्टल लहराई थी।

 
 

बलुआ पुलिस ने पकड़े तीन बदमाश

लूट की सोने की चेन बरामद

अवैध पिस्टल और कारतूस भी मिले

दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर थे सवार

मुकदमा वापस कराने की थी साजिश

चंदौली जिले के बलुआ थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए इलाके में दहशत फैलाने और वादी को धमकाकर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने वाले 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, कारतूस, लूटी गई सोने की चेन, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

मुकदमा वापस लेने के लिए धमकी वाली साजिश
बलुआ पुलिस ने पकड़े तीन बदमाश
लूट की सोने की चेन बरामद
अवैध पिस्टल और कारतूस भी मिले@baluacdi @Uppolice @chandaulipolice pic.twitter.com/wOPBCONXeh

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) July 10, 2026


पिकअप चालक को पीटकर भाग रहे थे आरोपी
घटनाक्रम के मुताबिक, 10 जुलाई 2026 को बलुआ पुलिस को सूचना मिली कि चहनिया चौराहे पर कुछ लोगों ने एक पिकअप ड्राइवर के साथ मारपीट की है और अवैध पिस्टल लहराते हुए मोहरगंज की तरफ भागे हैं। इस सूचना पर थानाध्यक्ष बलुआ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मोहरगंज चौकी के पास बैरियर लगाकर घेराबंदी की। तभी दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखे, जिन्हें पुलिस ने धर दबोचा।

पकड़े गए अभियुक्तों ने उगला सच
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवपाल सिंह, नन्दकिशोर सिंह और सुधांशु सिंह उर्फ छोटू (सभी निवासी ग्राम हिंगुत्तरगढ़, थाना धानापुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में इन्होंने कुबूला कि सुबह उन्होंने चहनिया चौराहे पर अपना दबदबा बनाने के लिए पिकअप ड्राइवर को पीटा था। इनका मुख्य मकसद यह था कि इलाके में खौफ पैदा कर पूर्व में दर्ज मुकदमे के वादी राहुल कुमार सोनी (राहुल सेठ) पर दबाव बनाया जा सके ताकि वह अपना केस वापस ले ले।

77 हजार रुपये के विवाद में की थी लूट
आरोपियों ने बताया कि 21 जून 2026 को उन्होंने चहनिया के विकास मौरेज लॉन में ७७,००० (सतहत्तर हजार रुपये) के पुराने विवाद को लेकर वादी राहुल कुमार सोनी को बुलाया था। वहाँ नन्दकिशोर सिंह और उसके साथियों (कुन्दन मिश्रा, रोहित सिंह व विनोद यादव) ने राहुल को बुरी तरह पीटा था और उसके गले से सोने की चेन छीन ली थी। पीड़ित की तहरीर पर बलुआ थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।

झाड़ियों से बरामद हुआ लूटा गया सामान
पुलिस की कड़ाई के बाद अभियुक्त नन्दकिशोर सिंह की निशानदेही पर मोहरगंज बाजार से पहले सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाई गई एक अवैध पिस्टल (.32 बोर), 2 जिंदा कारतूस और राहुल सेठ से लूटी गई सोने की चेन (वजन 13.945 ग्राम) बरामद कर ली गई। इसके अलावा पुलिस ने 3 स्मार्ट फोन, 1 कीपैड फोन और 7,000 रुपये नगद भी जब्त किए हैं। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उ०नि० जितेन्द्र बहादुर सिंह और चौकी प्रभारी सुरेश सिंह शामिल रहे।