बुजुर्ग महिलाओं से टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी और 1 बाल अपचारी गिरफ्तार
चंदौली के बलुआ थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिलाओं को झांसा देकर गहने उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 3 अभियुक्तों और 1 बाल अपचारी को गिरफ्तार कर ₹5,220 नगद बरामद किए हैं।
चहनिया बाजार में टप्पेबाजी का खुलासा
3 आरोपी और 1 बाल अपचारी गिरफ्तार
चोरी के गहने खरीदने वाला ज्वैलर पकड़ाया
₹5,220 नगदी पुलिस ने की बरामद
बलुआ पुलिस की बड़ी सफलता
चंदौली जिले के बलुआ क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं के बाद हरकत में आई बलुआ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने टप्पेबाजी की दो बड़ी घटनाओं का सफल अनावरण किया है। 4 अगस्त 2026 को चेकिंग के दौरान सेवई का पूरा के पास धानापुर-चहनिया मार्ग से पुलिस ने टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया और 1 बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया।
बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे अपना शिकार
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वे अक्सर अधिक उम्र की और बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। खासकर अकेले आने-जाने वाली और सोने के गहने पहनी महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर और झांसा देकर उनके पहने हुए आभूषण उतरवा लेते थे। इसके बाद उन गहनों को गाजीपुर के ज्वैलर राहुल ठठेरा उर्फ गोलू को सस्ती दरों पर बेच देते थे, जो उन्हें गलाकर आगे बेच देता था।
चहनिया बाजार में दी थी दो घटनाओं को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि 26 जुलाई 2026 को चहनिया बाजार में एक बुजुर्ग महिला को झांसे में लेकर उसके सोने के टप्स और मंगलसूत्र की टप्पेबाजी की थी। इसके बाद 1 अगस्त 2026 को चहनिया में ही एक अन्य बुजुर्ग महिला से कान के सोने के टप्स उतरवा लिए थे। 4 अगस्त को जब ज्वैलर राहुल ठठेरा बचे हुए पैसे देने आया था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर पूरे गिरोह को धर दबोचा।
बरामदगी और अभियुक्तों का विवरण
पुलिस ने आरोपियों के पास से टप्पेबाजी के माल की बिक्री के कुल ₹5,220 नगद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में पवन डोम (20 वर्ष), कनपातर डोम (22 वर्ष) और राहुल ठठेरा उर्फ गोलू (26 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी गाजीपुर जिले के जमनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनके साथ 1 बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है। पवन डोम पर गाजीपुर में आबकारी अधिनियम का पुराना मामला भी दर्ज है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल अनावरण में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, मोहरगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविकांत चौहान, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, कांस्टेबल अल्ताफ अहमद, रिक्रूट कांस्टेबल अनमोल वर्मा, संदीप कुमार और राहुल चक्रवर्ती की मुख्य भूमिका रही। पुलिस ने सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है।