मुगलसराय से अलीनगर तक बाइक चोर गैंग का आतंक, डिलीवरी बॉय से लेकर लोको पायलट तक हुए शिकार

चंदौली जिले में संगठित बाइक चोर गिरोह ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। एक ही महीने में 7 से ज्यादा बाइक चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। जानें किन-किन इलाकों में सक्रिय है यह गैंग।
 

चंदौली जिले में संगठित बाइक चोर गिरोह सक्रिय

एक महीने के भीतर आधा दर्जन से अधिक चोरी

चंधासी पुलिस चौकी के पास से बाइक पार

अलीनगर और मुगलसराय क्षेत्र बने चोरों के सॉफ्ट टारगेट

पुलिस अधीक्षक से जल्द खुलासे की मांग कर रहे नागरिक

चंदौली जनपद में इन दिनों कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बाइक चोरों का एक संगठित गिरोह बेहद सक्रिय हो गया है। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं ने न केवल आम जनता की रातों की नींद उड़ा दी है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस गश्त और सुरक्षा के दावों के बावजूद चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे पुलिस चौकियों के चंद कदमों की दूरी से भी गाड़ियां उड़ा रहे हैं।

 

कांसेप्ट एआई फोटो

पुलिस चौकी के पास से डिलीवरी बॉय की बाइक चोरी
ताजा मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी चौकी के पास का है। यहाँ आईपी मॉल के समीप सैयदराजा निवासी कमर अंसारी, जो कि एक डिलीवरी बॉय का काम करते हैं, अपनी बाइक खड़ी कर काम पर गए थे। महज कुछ ही देर में अज्ञात चोरों ने उनकी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच की बात तो कह रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

बाइक चोरी की घटना का पीड़ित

एक महीने में हुई प्रमुख वारदातें
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते 30 दिनों के भीतर आधा दर्जन से अधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं:---

  • 27 अप्रैल: अलीनगर के न्यू औद्योगिक नगर से दिलीप यादव की बाइक चोरी।
  • 26 अप्रैल: लोको पायलट दुर्गेश कुमार के घर के बाहर से गाड़ी गायब।
  • 26 अप्रैल: नसीरपुर पट्टन निवासी राकिब सिद्दीकी की बाइक सहजऊर गांव के पास से चोरी।
  • 23 अप्रैल: काटशिला के पास से अमित की बाइक पार।
  • 12 अप्रैल: संगम लान के बाहर से ब्रज विलास की गाड़ी चोरी।
  • 31 मार्च: सुभाषपुर निवासी सुनील कुमार भी हुए चोरी के शिकार।

पुलिस के सामने बड़ी चुनौती, जनता में आक्रोश
लगातार हो रही इन वारदातों से स्पष्ट है कि जिले में कोई शातिर गिरोह काम कर रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस केवल तहरीर लेकर खानापूर्ति कर रही है। वारदातों का खुलासा न होने से चोरों का डर बाजार और मोहल्लों में बढ़ता जा रहा है। लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि विशेष टीम बनाकर इस गिरोह को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण सिंह का कहना है कि पुलिस सभी मामलों को गंभीरता से ले रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी की बाइक बरामद कर ली जाएंगी। फिलहाल, बढ़ते अपराध पुलिस के इकबाल के लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।