चकिया में बकरा-बकरी चुराने वाले ऑटो गैंग के 4 शातिर गिरफ्तार, सामान बरामद
चकिया में ऑटो गैंग के 4 चोर गिरफ्तार
चोरी गया 1 बकरा और 1 बकरी बरामद
मिर्जापुर के रहने वाले हैं चारों आरोपी
लतीफशाह में रची गई थी चोरी की साजिश
चकिया पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता
चंदौली जिले की चकिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मवेशी चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी किया गया एक भूरे रंग का बकरा और एक काले रंग की बकरी बरामद कर ली है।
कॉलेज के पास से गायब हुए थे बकरा और बकरी
मामले की जानकारी के अनुसार, पुरानी चकिया निवासी महफूज आलम ने चकिया थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 24 सितंबर की शाम महारानी जयंती कुंवरी कन्या इंटर कॉलेज के पास उनके एक बकरे और एक बकरी चर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उन्हें पार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी।
दूबेपुर गेट के पास से पुलिस ने दबोचा
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चला रही पुलिस टीम को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने 25 सितंबर की दोपहर करीब 2:00 बजे दूबेपुर गांव के गेट के सामने से चारों आरोपियों को चोरी के मवेशियों के साथ धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
ऑटो से आकर रची थी चोरी की साजिश
पूछताछ में आरोपियों की पहचान सूरज गुप्ता, नूर आलम शाह उर्फ सलमान खान, राहुल गुप्ता और आकाश सोनकर के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने लतीफशाह में चोरी की योजना बनाई थी। कॉलेज के पास से मवेशियों को चुराने के बाद वे पकड़े जाने के डर से ऑटो लेकर अहरौरा की तरफ भाग गए थे। रात में वापस लौटते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उप-निरीक्षक सुनील कुमार, आरक्षी अमित दुबे, आरक्षी अरुण अवस्थी और पीआरडी विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली है।