चकिया पुलिस ने ज्वेलरी शॉप मालिक पर हमला कर छिनैती करने वाले 6 अपराधी को किया गिरफ्तार
ज्वेलरी शॉप मालिक से छिनैती के आरोप में 6 शातिर गिरफ्तार
CCTV फुटेज से हुई पहचान
तमंचा और लूट का सामान बरामद
एक आरोपी अभी भी फरार
चंदौली जिले की चकिया पुलिस ने 31 अक्टूबर 2025 को हुई छिनैती की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए छह युवकों को गिरफ्तार किया है। यह घटना चकिया थाना क्षेत्र में हुई थी, जब आवेदक जितेंद्र कुमार (मालिक, संजय ज्वेलर्स) अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। फिरोजपुर गांव के प्राइमरी स्कूल के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार हमलावरों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने उनके सिर और गर्दन पर रॉड से वार किया और आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनका पिट्ठू बैग छीन लिया, जिसमें दुकान और अलमारी की चाबियों के साथ 10 ग्राम सोने के झुमके थे।
सीसीटीवी और स्वाट टीम की मदद से गिरफ्तारी
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) दिगंबर कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज के पर्यवेक्षण में स्वाट और सर्विलांस टीम को लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने इन युवकों की पहचान की। थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों राहुल यादव, अंकित राय, अभय राय, विवेक कश्यप, धीरज पाण्डेय और अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया।
बरामदगी और आगे की कानूनी कार्यवाही
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने ₹17,400 नकद, एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, एक पिट्ठू बैग और तीन चाबियों का गुच्छा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में थाना चकिया में मुकदमा अपराध संख्या- 230/2025 धारा 309(6), 110 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस टीम अब इस मामले में एक अन्य फरार अभियुक्त रोहन पांडे की तलाश कर रही है। पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से चकिया क्षेत्र में अपराध पर नकेल कसने का संदेश गया है।
इस गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा,आशीष मिश्रा सर्विलांस सेल चंदौली, उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार चकिया, हेड कांस्टेबल रामतीर्थ, अनुज यादव, अमित कुमार, राकेश सिंह, कांस्टेबल प्रदीप सिंह, राकेश यादव शामिल रहे।