पोल्ट्री फार्मों में चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, बैटरी-इन्वर्टर और नकदी बरामद

 

धानापुर थाना पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न पोल्ट्री फार्मों में हुई चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की तीन बैटरियां, दो इन्वर्टर और नकदी बरामद कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

धानापुर पुलिस ने सुलझाई चोरी की गुत्थी

पोल्ट्री फार्मों को बनाया था निशाना

चोरी की 3 बैटरी और 2 इन्वर्टर बरामद

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन की बड़ी कार्रवाई

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र में सक्रिय चोरों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल अनावरण किया है। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार करने के साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। इनके पास से पुलिस ने चोरी की गई तीन ट्यूबलर बैटरियां, दो इन्वर्टर और 3000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पोल्ट्री फार्मों को बनाया था निशाना
यह पूरी कार्रवाई क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में हुई चोरी की घटनाओं से जुड़ी है। पहली घटना 15 फरवरी 2026 को नगवा रोड स्थित अबुल हसन के पोल्ट्री फार्म में हुई थी, जहाँ से चोरों ने तीन बैटरी और दो इन्वर्टर पार कर दिए थे। वहीं, दूसरी घटना 14 मार्च 2026 को ग्राम बड़ौरा में अबुल कैश खान के फार्म में हुई थी। दोनों ही मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर पुलिस जांच में जुटी थी।

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से मिली सफलता
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों (सर्विलांस) का सहारा लिया। 16 अप्रैल 2026 को पुलिस ने कोहड़ा सकरारी मार्ग के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक्साइड और इस्टमैन कंपनी की बैटरियां व ल्यूमिनस के इन्वर्टर बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही पोल्ट्री फार्मों के ताले तोड़कर इन सामानों की चोरी की थी।

अभियुक्तों ने कुबूल किया जुर्म
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सुनसान इलाकों में स्थित पोल्ट्री फार्मों को अपना निशाना बनाया था। चोरी के सामान को उन्होंने छिपाकर रखा था और उसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने बरामद 3000 रुपयों को चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त राशि बताया है।

पुलिस टीम की सराहना
इस कामयाबी में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन के साथ उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस के इस खुलासे से क्षेत्र के पोल्ट्री फार्म संचालकों ने राहत की सांस ली है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्यवाही करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है, वहीं बाल अपचारी को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है।