जमीन विवाद में पूर्व प्रधान को मिली जान से मारने की धमकी, SP कार्यालय से निकलते ही आयी कॉल

मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में जमीन विवाद के बाद पूर्व प्रधान हरिद्वार पटेल को जान से मारने की धमकी मिली है। आरोप है कि एसपी से शिकायत कर लौटते समय विपक्षियों ने फोन पर गाली-गलौज की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

मुगलसराय के गोपालपुर निवासी पूर्व प्रधान ने लगाए गंभीर आरोप

जिवधीपुर में आराजी संख्या 107 पर निर्माण को लेकर विवाद

एसपी कार्यालय से शिकायत कर निकलते ही मिली हत्या की धमकी

पीड़ित पूर्व प्रधान ने मोबाइल में रिकॉर्ड की पूरी बातचीत

औद्योगिक क्षेत्र चौकी इंचार्ज सूरज रावत कर रहे मामले की जांच

चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में एक जमीन विवाद गहराता जा रहा है। गौपालपुर निवासी एवं पूर्व प्रधान हरिद्वार पटेल ने आरोप लगाया है कि पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाने के बाद विपक्षियों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से पूर्व प्रधान और उनका परिवार गहरे भय में है।

क्या है पूरा विवाद?
हरिद्वार पटेल के अनुसार, यह पूरा मामला उनके साले संदीप पटेल (निवासी जिवधीपुर, अलीनगर) की जमीन से जुड़ा है। संदीप पटेल अपनी आराजी संख्या 107 पर बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान संदीप कुमार सिंह और अजीत कुमार सिंह वहां पहुंचे और जबरन निर्माण कार्य रुकवा दिया। विवाद बढ़ने पर मामला 112 नंबर पुलिस तक पहुँचा और 25 फरवरी को दोनों पक्ष औद्योगिक नगर चौकी बुलाए गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को दस्तावेजों के साथ एसडीएम कार्यालय जाने की सलाह दी और मामले के निस्तारण तक यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया।

शिकायत के 15 मिनट बाद ही मिली धमकी
पूर्व प्रधान का दावा है कि 26 फरवरी को जब वे अपने साले के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत पत्र देकर बाहर निकले, तो महज 15 मिनट बाद उनके मोबाइल पर संदीप सिंह का फोन आया। आरोप है कि फोन पर न केवल भद्दी गालियां दी गईं, बल्कि अधिकारियों से शिकायत करने के एवज में जान से मारने की सीधी धमकी भी दी गई। हरिद्वार पटेल ने बताया कि उन्होंने यह पूरी बातचीत अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली है।

सुरक्षा की गुहार और कार्रवाई की मांग
अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंतित पूर्व प्रधान ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया है।

इस संबंध में औद्योगिक क्षेत्र के चौकी इंचार्ज सूरज रावत ने बताया कि पूर्व प्रधान की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की जाएगी। कॉल रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।