जगदीश सराय की शराब दुकान में भीषण चोरी, 75 पेटी शराब और 1 लाख नकद ले उड़े चोर

बुधवार की सुबह देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर, उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान मालिक गिरीश कुमार को सूचना दी।
 

चंदौली सदर कोतवाली इलाके में शराब दुकान में सेंधमारी


जगदीश सराय सरकारी ठेके में चोरी करके 75 पेटी शराब गायब


चोरों ने सीसीटीवी और डीवीआर भी उड़ाया 

चंदौली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित जगदीश सराय इलाके में बुधवार सुबह एक सरकारी शराब की दुकान में भीषण चोरी की घटना सामने आई है। चोर दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 75 पेटी शराब के साथ 1 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा बुधवार की सुबह तब हुआ, जब दुकान के सेल्समैन राजू गुप्ता दुकान खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान के शटर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर, उन्हें चोरी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान मालिक गिरीश कुमार को सूचना दी। गिरीश कुमार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस को जानकारी दी और मामले में लिखित शिकायत (तहरीर) भी सौंप दी है।

कैश बॉक्स से कैश निकाल कर फेंका

चोरी का तरीका और ये सामान गायब
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनियोजित तरीके से दुकान के शटर का लॉक तोड़कर प्रवेश किया था। दुकान के काउंटर में रखे 80 हजार रुपए नकद और 20 हजार रुपए के सिक्के, यानी कुल 1 लाख रुपए, गायब पाए गए हैं। नकद के साथ-साथ, चोरों ने दुकान में रखी 75 पेटी महंगी शराब भी चुरा ली।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दुकान मालिक और सेल्समैन से पूछताछ की है और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वे आस-पास के अन्य सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।