कार से स्टंटबाजी करने वाले 5 रईसजादे गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन
चंदौली के अलीनगर में कार से खतरनाक स्टंट करने और रील बनाने वाले 5 शोहदों को पुलिस ने गाड़ी समेत गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने यह त्वरित कार्रवाई की।
सोशल मीडिया पर स्टंट का वीडियो वायरल
अलीनगर पुलिस ने 5 शोहदे किए गिरफ्तार
बीच सड़क पर जोखिम में डाली जान
पकड़े जाने पर शोहदों ने मांगी माफी
गाड़ी जब्त कर हुई बड़ी कानूनी कार्रवाई
चंदौली जिले से स्टंटबाजी और रील बनाने के चक्कर में सलाखों के पीछे पहुंचे युवकों की बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए अपनी और दूसरों की जान दांव पर लगाने वाले शोहदों पर अलीनगर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस टीम ने चार पहिया वाहन से खतरनाक स्टंट करने वाले 5 शोहदों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, कुछ युवकों द्वारा बीच सड़क पर कार से खतरनाक स्टंट करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस वीडियो में युवक आम जनता की जान जोखिम में डालकर हुड़दंग काट रहे थे और इसी बात को लेकर वहां वाद-विवाद भी हुआ था। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आते ही अलीनगर पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई।
गाड़ी समेत धरे गए शोहदे
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अलीनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना देर किए जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर लोकेशन और गाड़ी को ट्रैक किया और स्टंट करने वाले पांचों युवकों को उनकी चार पहिया गाड़ी के साथ धर दबोचा। पुलिस को सामने देख स्टंटबाजों की सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई।
थाने लाकर जब पुलिस ने इन शोहदों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने रोते-बिलखते हुए अपनी गलती स्वीकार कर ली। युवकों ने पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपनी इस हरकत के लिए माफी मांगी और कान पकड़कर कसम खाई कि वे दोबारा कभी ऐसी गलती नहीं करेंगे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें सख्त हिदायत देते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 और 135 के तहत निवारक कार्रवाई की है।
पकड़े गए आरोपियों की हुयी पहचान
पुलिस की गिरफ्त में आए युवकों की पहचान शुभम सोनकर (28 वर्ष), समीर सोनकर (26 वर्ष), राजू सोनकर (22 वर्ष) और राहुल सोनकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अलीनगर के नियमताबाद के रहने वाले हैं। वहीं पांचवा आरोपी सुहैल खान (22 वर्ष) शहाबगंज के पखनपुरा का निवासी है।
इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ल, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव और हेड कांस्टेबल कृष्ण सिंह शामिल रहे। पुलिस ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि सड़कों पर हुड़दंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।