खुलेआम दारू पीने वालों पर एक्शन, बीती रात 19 के खिलाफ की गयी कार्रवाई
चंदौली पुलिस ने नशेबाजों पर कसी लगाम
19 शराबियों के खिलाफ की गयी कार्रवाई
हर शाम चलाया जाता है इस तरह का अभियान
चंदौली जनपद में सार्वजनिक स्थानों और शराब की दुकानों के आस-पास नशेबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 14 अगस्त 2025 को पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 19 शराबियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही की।
यह कार्रवाई पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी और वैभव कृष्ण, पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र वाराणसी के निर्देशों के अनुपालन में की गई। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) के नेतृत्व में तथा समस्त क्षेत्राधिकारीगण के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमें सक्रिय रहीं।
पुलिस के अभियान के मुख्य बिंदु
पुलिस ने अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने, अराजकता फैलाने, जुआ खेलने, सड़क पर स्टंट करने और छेड़खानी जैसे कृत्यों में शामिल व्यक्तियों पर शिकंजा कसते हुए आवश्यक कार्रवाई की। साथ ही, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पुलिस ने वहां विशेष निगरानी रखी और कानून व्यवस्था के लिए खतरा पैदा करने वाले लोगों को हिरासत में लिया।
कानूनी कार्यवाही के साथ जागरूकता भी
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल गिरफ्तारी और कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जनजागरूकता भी इसका अहम हिस्सा है। गिरफ्तार व्यक्तियों और आम जनता को शराब व मादक पदार्थों के सेवन से होने वाली आर्थिक, शारीरिक और मानसिक हानि के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी दी गई, ताकि लोग भविष्य में नशे से दूरी बनाए रखें।
अभियान के तहत 14 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धारा 292 भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कुल 19 शराबियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस की सख्त चेतावनी
जनपदीय पुलिस ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी, अराजकता और असामाजिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही, ऐसे लोगों को पुनः अपराध न करने के लिए परामर्श और चेतावनी भी दी जाएगी। पुलिस का यह सख्त रुख और जागरूकता अभियान न केवल अपराध पर अंकुश लगाने में मददगार साबित हो रहा है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश भी फैला रहा है।