खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी, 51 शराबियों पर एक्शन
चंदौली पुलिस का अभियान जारी
51 शराबियों पर फिर से हुयी कार्रवाई
नशा करने वालों को जागरूक भी कर रही पुलिस
चंदौली जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता रोकने के लिए चंदौली पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे व अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरे जनपद में शराब की दुकानों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर छापेमारी कर कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 51 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी
पुलिस ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया था। वहां शराब पीकर अराजकता फैलाने, खुले में जुआ खेलने, स्टंट दिखाने, छेड़खानी करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मकसद केवल दंडात्मक कार्रवाई करना ही नहीं है, बल्कि ऐसे लोगों को समाज में सकारात्मक बदलाव की ओर प्रेरित करना भी है।
शराबियों और नशेड़ियों को दी गई चेतावनी
अभियान के दौरान पकड़े गए लोगों को मादक पदार्थों और शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि नशे की वजह से न केवल आर्थिक और शारीरिक हानि होती है, बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की गरिमा भी प्रभावित होती है। इस मौके पर उन्हें आगे से नशा न करने के लिए प्रेरित भी किया गया।
शीर्ष अधिकारियों का सख्त निर्देश
यह कार्रवाई वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक श्री पीयूष मोर्डिया और परिक्षेत्र वाराणसी के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री वैभव कृष्ण के निर्देशों पर की गई। अधिकारियों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कानून व्यवस्था को बिगाड़ने वाले और नशे में अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
निरंतर चलेगा अभियान
पुलिस ने बताया कि यह कोई एक-दिवसीय कार्रवाई नहीं है, बल्कि निरंतर चलने वाला अभियान है। 19 अगस्त 2025 को हुई कार्रवाई में धारा 292 बीएनएस और पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत सभी 51 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चंदौली पुलिस ने साफ किया है कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलते रहेंगे, ताकि जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रहे।