चंदौली में शराबियों और अराजकतत्वों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 63 के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों पर चला पुलिस का डंडा, शराब की दुकानों के आसपास निगरानी हुयी तेज, नशे में गाड़ी चलाने वालों पर भी कार्रवाई
चंदौली जिले में जनपदीय पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, अराजकता फैलाने और शांति व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनन्त चन्द्रशेखर (आई.पी.एस.) के निर्देशन में सभी थानों द्वारा 23 जुलाई 2025 को की गई इस कार्रवाई में कुल 63 लोगों के विरुद्ध धारा 292 BNS व पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई।
शराब की दुकानों के आसपास और संवेदनशील क्षेत्रों पर निगरानी
अभियान के दौरान विशेष रूप से शराब की दुकानों के आस-पास, सार्वजनिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां नशाखोरी, छेड़खानी, स्टंटबाजी, जुआ और अराजकता फैलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की गई।
नशे में वाहन चलाने वालों को भी नहीं छोड़ा गया
पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान व अन्य कानूनी कदम उठाए। इससे न केवल सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में कदम उठाया गया बल्कि आम जनता को भी सुरक्षा का संदेश दिया गया।
जनजागरूकता भी बनी पुलिस की प्राथमिकता
चंदौली पुलिस ने केवल दंडात्मक कार्रवाई पर ही जोर नहीं दिया, बल्कि लोगों को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया। नशे से होने वाली आर्थिक, शारीरिक और सामाजिक हानियों को लेकर अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। पुलिस ने नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील भी की।
अभियान रहेगा लगातार जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी। जनता से भी अपील की गई है कि वे ऐसे असामाजिक कार्यों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।