ऑटो में बैठने से पहले हो जाएं सावधान! चंदौली कचहरी गेट पर यात्री की जेब काटने वाले मिर्जापुर के 3 बदमाश गिरफ्तार

चंदौली पुलिस ने ऑटो में बैठाकर यात्रियों के साथ टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से चोरी के ₹5,000 नगद और बिना नंबर प्लेट का ऑटो बरामद हुआ है।

 

ऑटो वाले टप्पेबाज गैंग गिरफ्तार

यात्री के ₹5000 किए बरामद

बिना नंबर का ऑटो जब्त

कचहरी गेट के पास वारदात

मिर्जापुर के रहने वाले आरोपी

चंदौली जिले में सीधे-साधे यात्रियों को झांसे में लेकर टप्पेबाजी और जेबकटी करने वाले एक शातिर ऑटो गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। घटना 16 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 12:30 बजे की है। धीना थाना क्षेत्र के भैसाकला गांव के रहने वाले अनिल कुमार शुक्ल सकलडीहा रोड पुल की तरफ से कचहरी आ रहे थे। तभी रास्ते में एक ऑटो चालक ने उनसे कचहरी का रास्ता पूछा और मदद के बहाने उन्हें अपने ऑटो में बैठा लिया।

जनता की सजगता से पकड़ा गया मुख्य आरोपी
पीड़ित अनिल कुमार शुक्ल जैसे ही कचहरी गेट के सामने उतरने लगे, तभी ऑटो चालक और उसके साथियों ने उन्हें बातों में भ्रमित कर दिया। इसी बीच शातिरों ने बड़ी चालाकी से उनकी जेब से ₹5,000 निकाल लिए और भागने की कोशिश की। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास मौजूद आम जनता ने तत्परता दिखाई और पीछा करके ऑटो सहित चालक को मौके पर ही दबोच लिया, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़ित की तहरीर पर चंदौली थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में खुला गैंग का पूरा राज
पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद जब ऑटो चालक से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उगल दिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके दोनों सहयोगियों को भी हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य ऑटो चालक रितेश मौर्य (22 वर्ष) और उसका साथी बृजभान (21 वर्ष) हैं, जो मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। वहीं तीसरा आरोपी दीपक उर्फ किसमिस (22 वर्ष) मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र का निवासी है।

बिना नंबर का ऑटो और चोरी के रुपये बरामद
अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे एक सोची-समझी योजना के तहत भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीधे-साधे यात्रियों को अपने ऑटो में बैठाते थे और मौका पाकर उनकी जेब साफ कर देते थे। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से चोरी किए गए पूरे ₹5,000 नगद और घटना में इस्तेमाल किया गया बिना नंबर प्लेट का ऑटो (चेसिस नंबर: MD2B47AX0RWE6206) बरामद कर लिया है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में चंदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वरी प्रसाद पाण्डेय और उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप शामिल रहे।