चंदौली कोतवाली पुलिस का बड़ा एक्शन: नवीन मंडी के पास दो कारों से 48 किलो गांजा बरामद, 3 बड़े तस्कर गिरफ्तार
चंदौली सदर कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नवीन मंडी ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर दो कारों से 48 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मौके से तीन शातिर तस्करों को 5 मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया।
अड़तालीस किलो गांजा बरामद
साढ़े तेईस लाख रुपये अनुमानित कीमत
हुंडई और डिजायर कारें जब्त
वाराणसी से बिहार हो रही तस्करी
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
चंदौली जिले की सदर कोतवाली पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशन में 30 मई 2026 को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर नवीन मंडी के सामने फ्लाईओवर के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान वाराणसी की तरफ से तेज गति से आती हुई दो संदिग्ध कारें दिखाई दीं, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए हाईवे के किनारे रुकवा लिया।
कार की डिग्गी से बरामद हुए 47 बंडल, मचा हड़कंप
पुलिस टीम ने जब दोनों रोकी गई गाड़ियों की गहनता से तलाशी ली, तो वाहनों के भीतर का नजारा देखकर सब दंग रह गए। तस्करों ने बकायदा बंडल बनाकर गांजे को छुपाया हुआ था। इसमें हुंडई कार (वाहन संख्या UP65DY 6249) की डिग्गी से कुल 20 बंडल और डिजायर कार (वाहन संख्या CG04MK 3105) की डिग्गी से 27 बंडल गांजा बरामद किया गया। दोनों वाहनों से बरामद कुल 47 बंडलों का वजन करने पर 48 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 23.50 लाख रुपये आंकी गई है।
चंदौली में अड़तालीस किलो गांजा बरामद
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) May 31, 2026
साढ़े तेईस लाख रुपये अनुमानित कीमत
हुंडई और डिजायर कारें जब्त
वाराणसी से बिहार हो रही तस्करी@chandaulipolice @Uppolice @adgzonevaranasi @chandaulicdi pic.twitter.com/lRmgb9kz8z
चंदौली और अलीनगर के तीन तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से गांजे की इस बड़ी खेप के साथ तीन शातिर अभियुक्तों को अपनी हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विकास वियार (उम्र 26 वर्ष, पुत्र राम दुलार) निवासी ग्राम बुधवार, थाना बबुरी, राजू जायसवाल (पुत्र स्वर्गीय गोपाल जायसवाल) निवासी ग्राम ताराजीवनपुर, थाना अलीनगर और प्रिंस (पुत्र सत्यनारायण जायसवाल) निवासी ग्राम घुरहुपुर, थाना बबुरी के रूप में हुई है। तस्करों के पास से पुलिस ने 05 कीमती मोबाइल फोन (02 आईफोन, 01 पोको, 01 विवो, 01 ओप्पो) और एक काला पिड्डू बैग भी बरामद किया है।
वाराणसी से बिहार की तरफ ले जाई जा रही थी खेप
सदर कोतवाली पुलिस द्वारा जब गिरफ्तार तस्करों से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अवैध गांजे के इस पूरे काले कारोबार को स्वीकार किया। अभियुक्तों ने बताया कि वे इस भारी मात्रा में गांजे को वाराणसी की तरफ से लेकर आ रहे थे और नेशनल हाईवे के रास्ते इसे बिहार की तरफ खपाने के लिए ले जा रहे थे।
इस बड़ी कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक केशव प्रसाद सिंह, उपनिरीक्षक बाबूराम यादव और कांस्टेबल संजय पटेल मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना चन्दौली पर मुकदमा अपराध संख्या 0266/2026 धारा 8/20/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।