भारतमाला प्रोजेक्ट का सरिया चुराने वाला गिरोह अरेस्ट,  9 कुंतल माल समेत 2 शातिर गिरफ्तार

चंदौली पुलिस और साइबर सेल ने भारतमाला प्रोजेक्ट से सरिया चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से लगभग 9 कुंतल लोहे का सरिया बरामद हुआ है। जानिए कैसे पुलिस ने बिछाया अपना जाल।
 

चंदौली में भारतमाला सरिया चोरी का पर्दाफाश

झांसी पुलिया के पास से पकड़े गए चोर

पुलिस ने बरामद किया 9 कुंतल सरिया

वाराणसी और चंदौली के दो अभियुक्त गिरफ्तार

चंदौली जिले की कोतवाली पुलिस और साइबर टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे काम से सरिया चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चोरी की गई सरिया बरामद की है।

मुखबिर की सूचना पर झांसी पुलिया के पास हुई कार्रवाई
मामला चंदौली कोतवाली क्षेत्र का है, जहां प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय की अगुवाई में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि भारतमाला प्रोजेक्ट से सामान चुराने वाले आरोपी झांसी पुलिया के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने घेराबंदी करके दोनों को धर दबोचा।

9 कुंतल सरिया के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस द्वारा पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान पप्पू (38 वर्ष) निवासी ग्राम सैपुत्री चौमुहानी, जैतपुरा, वाराणसी और बुद्धिराम (28 वर्ष) निवासी रामगढ़, चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 3 सूत की 125 लोहे की सरिया बरामद की है, जिसका कुल वजन लगभग 9 कुंतल बताया जा रहा है।

पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई
इन दोनों आरोपियों के खिलाफ चंदौली कोतवाली में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज था और पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी। इस सफल कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय और साइबर सेल प्रभारी मिर्जा रिजवान वेग की टीम शामिल रही। पुलिस अब दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।