ठेका बंद था तो किराने की दुकान से बेचने लगा शराब, देसी शराब के पाउच और बीयर के केन बरामद

 

चंदौली पुलिस ने नवही क्षेत्र में ठेका बंद होने के बाद किराने की दुकान से ऊंचे दामों पर अवैध शराब बेच रहे एक आरोपी को 25 पाउच देशी शराब और 8 केन बीयर संग दबोचा।

 
 

चंदौली में अवैध शराब बेचता गिरफ्तार

किराने की दुकान से बरामद शराब

ठेका बंद होने पर मनमाने दाम

25 पाउच देशी व बीयर बरामद

आबकारी अधिनियम में दर्ज हुआ केस

चंदौली जिले के नवही क्षेत्र में अवैध रूप से शराब और बीयर की बिक्री करने का मामला सामने आया है। प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के कुशल नेतृत्व में गश्त और चेकिंग के दौरान थाना चंदौली पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक आरोपी को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी रात में सरकारी शराब का ठेका बंद होने के बाद किराने की दुकान से मनमाने और ऊंचे दामों पर अवैध शराब बेच रहा था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
घटना 10 नवंबर 2026 की रात्रि की है, जब पुलिस टीम नवही क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि रात 10 बजे ठेका बंद होने के बाद पास ही स्थित एक किराने की दुकान पर अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुकान की घेराबंदी की और वहां मौजूद व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।

दुकान से बरामद हुई देशी शराब और बीयर
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पुनित सिंह (उम्र 32 वर्ष), पुत्र सुनील कुमार सिंह, निवासी मझवार (थाना व जिला चंदौली) बताया। दुकान की तलाशी लेने पर काउंटर के नीचे रखे गत्ते के डिब्बे से 200 मिली के 25 पाउच ब्लू लाइम देशी शराब मसाला मिले। वहीं फ्रीजर से 500 मिली की 8 केन HAYWARDS 5000 बीयर भी बरामद की गई।

पुलिस टीम ने दर्ज किया मुकदमा
इस सफलता में चौकी प्रभारी नवही उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य और मारकण्डेय सिंह, कांस्टेबल धर्मराज, अभिषेक प्रजापति और अरविन्द कुमार-2 की सराहनीय भूमिका रही। चंदौली पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 530/2026 के तहत 60 आबकारी अधिनियम में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।